CG News: मीरा से CM साय ने खरीदा मिट्टी का दीया, जनधन और महतारी वंदन का भी लिया फीडबैक
CG News: रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में मंगलवार को उस समय खास नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का काफिला सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के छोटे से पसरे के पास रुक गया. मुख्यमंत्री ने वहां रखे दीयों को देखा और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए मीरा से एक मिट्टी का दीया खरीदा. इसके बदले मुख्यमंत्री ने मीरा को 1000 रुपए दिए.

CM ने जाना मीरा के परिवार और काम का हाल
बिना किसी औपचारिकता के मुख्यमंत्री ने मीरा से बातचीत की और उसके कामकाज व परिवार की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने यह भी पूछा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उसे मिल रहा है या नहीं. मीरा ने बताया कि जनधन योजना के तहत उसका बैंक खाता खुल चुका है. वहीं, उसे राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1000 रुपए की राशि भी मिल रही है.

एक दीया बना सम्मान और स्वावलंबन का संदेश
मीरा के छोटे से पसरे से मुख्यमंत्री द्वारा खरीदा गया मिट्टी का दीया अब खास महत्व रखता है. यह दीया मेहनत कर आजीविका कमाने वाली महिला के श्रम और आत्मनिर्भरता के सम्मान का संदेश देता है. मुख्यमंत्री के अचानक वहां पहुंचने से आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए. स्थानीय स्तर पर छोटे कारोबार के जरिए अपना परिवार चलाने वाली मीरा के लिए मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार खास अनुभव बन गया.
‘आशीर्वाद का दीया’ बनेगा जनभागीदारी का प्रतीक
मुख्यमंत्री द्वारा खरीदा गया यह दीया ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकास के संकल्प को आम लोगों की भागीदारी से जोड़ना है. इस तरह मीरा के पसरे से खरीदा गया एक छोटा सा मिट्टी का दीया अब बड़े सामाजिक संदेश का हिस्सा बनने जा रहा है.
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. अभियान के जरिए सेवा और जनकल्याण के कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा. तेलीबांधा से खरीदा गया मीरा का दीया इसी संकल्प का प्रतीक बनेगा. इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे.


One Response