CG News: रायपुर में 25 लाख दीयों का भव्य दीपोत्सव, CM हाउस से मरीन ड्राइव तक सजेगा 13 KM का रूट
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को रायपुर में बड़े स्तर पर दीपोत्सव आयोजित करने की तैयारी है. राजधानी में एक साथ करीब 25 लाख दीये जलाने की योजना बनाई गई है. इसके लिए प्रशासन ने करीब 13 किलोमीटर का रूट मैप तैयार किया है. यह मार्ग सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से शुरू होकर भगत सिंह चौक, पुराने मंत्री बंगले, तेलीबांधा और मरीन ड्राइव होते हुए कई प्रमुख इलाकों को कवर करेगा.
CM हाउस से मरीन ड्राइव तक सजेगा पूरा रूट
तैयार किए गए रूट के मुताबिक मुख्यमंत्री निवास से गांधी उद्यान, गढ़कलेवा रोड और मल्टीलेवल पार्किंग होते हुए भगत सिंह चौक तक दीये जलाए जाएंगे. इसके बाद पुराने मंत्री बंगले ओवरब्रिज से केनाल रोड, तेलीबांधा चौक और मरीन ड्राइव को भी दीपों से सजाने की तैयारी है. जल विहार कॉलोनी, केनाल रोड, कटोरा तालाब चौक और VIP क्लब होते हुए यह रूट वापस मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचेगा.
25 लाख दीयों की कीमत करीब 37.50 लाख रुपए
बाजार में दीयों की कीमत करीब 20 रुपए प्रति दर्जन बताई जा रही है. इस हिसाब से 25 लाख दीयों की अनुमानित कीमत करीब 37.50 लाख रुपए बैठती है. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग विभागों और संस्थाओं के सहयोग की बात कही गई है. हालांकि कुछ अधिकारियों ने अलग-अलग विभागों को मौखिक तौर पर दीयों की संख्या का लक्ष्य दिए जाने की जानकारी दी है, लेकिन कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा है कि किसी विभाग को आधिकारिक तौर पर कोई टारगेट नहीं दिया गया है.
CM साय ने प्रदेशवासियों से एक दीया जलाने की अपील की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के लोगों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर पर एक दीप जलाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के जरिए नागरिक प्रधानमंत्री मोदी को अपना आशीर्वाद दें. इस आयोजन में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की भी भागीदारी रहेगी. इसके अलावा करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ से होगा समापन
दीपोत्सव के साथ अभियान के तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के जरिए नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री के मुताबिक अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा. इसकी अवधारणा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ रखी गई है. अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिले लाभ और उनके अनुभवों को जानेंगे.

One Response