CG News: बीजापुर के एकलव्य स्कूल में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार का मामला, CM साय ने कलेक्टर-SP को दिए जांच के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के रूद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है. विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर छात्राओं को लंबे समय से परेशान करने और अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं. छात्राओं ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद शिकायत सामने आई. मामले की खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है.

CM साय ने कलेक्टर-SP को दिए जांच के निर्देश
मामले की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं. CM ने कहा है कि जांच में जो तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर बिना देरी के नियमानुसार कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शिकायत को दबाने, नजरअंदाज करने या ड्यूटी में लापरवाही का मामला सामने आता है, तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जाएगी.
सात छात्राओं की शिकायत
अब तक सात छात्राओं की ओर से शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है. शिकायत पत्र पर छात्राओं और उनके पालकों के हस्ताक्षर होने की बात कही गई है. रूद्रारम के इस कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं से 12वीं तक करीब 341 छात्राएं अध्ययनरत हैं और शिकायत करने वाली छात्राओं के कक्षा 9वीं की होने की जानकारी सामने आई है. पालकों ने विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं.
प्राचार्या पर शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप
पालकों ने आरोप लगाया है कि छात्राओं की ओर से जानकारी दिए जाने के बावजूद विद्यालय की प्राचार्या ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. शिकायत में कथित तौर पर मामले को दबाने और छात्राओं को आश्रम से बाहर निकालने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है. पालकों का कहना है कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीधे विद्यालय प्रबंधन की है, इसलिए किसी भी शिकायत पर तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई होनी चाहिए.
सभी बालिका छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
मामले के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर के बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं. कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को इन संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की जांच करने को कहा गया है. छात्रावासों में जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति, परिसर की सुरक्षा और शिकायतों के समाधान की व्यवस्था भी देखी जाएगी. CM ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी.


One Response