CG News: बस्तर संभाग में 29 नए धान उपार्जन केंद्रों को मंजूरी, किसानों को गांव के पास मिलेगी खरीदी की सुविधा
CG News: बस्तर संभाग के वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों के लिए धान खरीदी व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पहल के बाद राज्य सरकार ने संभाग के सातों जिलों में 29 नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति दी है. इन केंद्रों के शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम होगी. नए केंद्र खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 सहित आगामी वर्षों में भी संचालित किए जाएंगे.

समय और परिवहन खर्च में आएगी कमी
बस्तर की भौगोलिक स्थिति के कारण कई गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है. इससे परिवहन, मजदूरी और समय का अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता है. नए खरीदी केंद्रों के विस्तार से किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिलने की उम्मीद है. मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार खरीदी प्रक्रिया को किसानों के लिए सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है.
सात जिलों में इस तरह बढ़ेंगे केंद्र
सरकार की मंजूरी के अनुसार बस्तर जिले में 11, कांकेर में 6, कोंडागांव में 6, नारायणपुर में 2, सुकमा में 2, बीजापुर में 1 और दंतेवाड़ा में 1 नया उपार्जन केंद्र खोला जाएगा. सुकमा जिले के बड़ेसेट्टी और बुड़दी में भी नए केंद्र शुरू किए जाएंगे. इन केंद्रों के संचालन से दूरदराज के किसानों को धान परिवहन के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और मौजूदा खरीदी केंद्रों पर भी दबाव कम होने की संभावना है.
खरीदी केंद्रों में होंगी आधुनिक सुविधाएं
नए उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए जरूरी तकनीकी और बुनियादी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इनमें फिंगरप्रिंट और आईरिस आधारित बायोमेट्रिक उपकरण, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और नमी जांचने वाले उपकरण शामिल हैं. इसके साथ ही बिजली, इंटरनेट, रोशनी, पेयजल, पहुंच मार्ग, धान रखने के लिए पर्याप्त जगह, पॉलीथिन कवर और जल निकासी जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी.
खरीदी से पहले पूरी होंगी सभी तैयारियां
धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी नए केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं. केंद्रों के लिए ऊंची और समतल जमीन का चयन करने तथा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है. 29 नए उपार्जन केंद्रों की शुरुआत से बस्तर के बड़ी संख्या में किसानों को नजदीक ही धान बेचने का विकल्प मिलेगा. इससे खरीदी व्यवस्था अधिक सुगम होने के साथ किसानों के समय और खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर के अवधपुरी मैदान में भव्य दही हांडी उत्सव, CM साय ने बढ़ाया गोविंदाओं का उत्साह
