CG News: जस्टिस रमेश सिन्हा रिटायर, संजय कुमार अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस
CG News: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो गए. उनके रिटायरमेंट के बाद जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का कार्यवाहक चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है. इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है. नई जिम्मेदारी के साथ जस्टिस अग्रवाल अब हाई कोर्ट की कार्यवाही का नेतृत्व करेंगे.

राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत की नियुक्ति
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत यह नियुक्ति की है. जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल फिलहाल छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश हैं. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर वह कोर्ट की न्यायिक प्रक्रिया के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी संभालेंगे.
जस्टिस अग्रवाल को राजस्थान हाई कोर्ट का भी मिला है जिम्मा
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया जा चुका है. हालांकि, मौजूदा व्यवस्था के तहत उन्हें छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है. यह नियुक्ति मुख्य न्यायाधीश के पद के रिक्त होने के बाद अंतरिम व्यवस्था के तौर पर की गई है.
बिलासपुर में हुई पढ़ाई
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले हैं. उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा रतनपुर से पूरी की. इसके बाद गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीएससी और कानून की पढ़ाई की. उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से मास्टर ऑफ लॉ की डिग्री भी हासिल की है.
2002 में बने डिप्टी एडवोकेट जनरल
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने न्यायिक क्षेत्र में आने से पहले छत्तीसगढ़ सरकार के लिए डिप्टी एडवोकेट जनरल और एडवोकेट जनरल के तौर पर जिम्मेदारी निभाई. 16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया. इसके बाद 8 मार्च 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली. अब उन्हें हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
यह भी पढ़ें : CG News: कांकेर के अंदरूनी गांव में रात 10 बजे कलेक्टर की चौपाल, जमीन पर बैठकर सुनी समस्याएं

