CG News: 3 वरिष्ठ IPS अफसरों के प्रमोशन की तैयारी, नए एक्स-कैडर DG पद का प्रस्ताव
CG News: छत्तीसगढ़ में तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों को ADG से DG या स्पेशल DG पद पर पदोन्नत करने की तैयारी चल रही है. इसके लिए राज्य सरकार के पास तीन नए एक्स-कैडर DG स्तर के पद बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है. प्रस्ताव के तहत 1994, 1995 और 1996 बैच के अधिकारियों को प्रमोशन देने की संभावना है. हालांकि, इन पदों के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की पूर्व मंजूरी अभी नहीं मिली है.

राज्य मंत्रिपरिषद के सामने जा सकता है प्रस्ताव
पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, तीन एक्स-कैडर DG पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इसे जल्द राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी के लिए रखा जा सकता है. वहीं, एक्स-कैडर पदों के निर्माण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की पूर्व स्वीकृति जरूरी होगी. ऐसे में प्रस्ताव की आगे की प्रक्रिया केंद्र की मंजूरी पर भी निर्भर करेगी.
इन तीन अधिकारियों के नाम चर्चा में
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर 1994 बैच के एसआरपी कल्लूरी, 1995 बैच के प्रदीप गुप्ता और 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी विवेकानंद को DG या स्पेशल DG स्तर पर प्रमोशन दिया जा सकता है. वर्तमान में छत्तीसगढ़ में दो स्वीकृत DG कैडर पद और दो एक्स-कैडर DG पद बताए गए हैं. नियमित DG पदों पर अरुण देव गौतम और जीपी सिंह पदस्थ हैं.
तीन नए पदों को लेकर उठे सवाल
मौजूदा एक्स-कैडर DG पदों पर पवन देव और हिमांशु गुप्ता की पदस्थापना है. बताया गया है कि 21 मई 2025 को हुई छत्तीसगढ़ IPS कैडर समीक्षा में दो एक्स-कैडर पदों की अनुमति का उल्लेख था. ऐसे में तीन अतिरिक्त DG स्तर के एक्स-कैडर पद बनाने की जरूरत और औचित्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं. जानकारों के अनुसार, नए पदों के लिए प्रशासनिक जरूरत और केंद्र की स्वीकृति को स्पष्ट करना जरूरी है.
2018 के फैसले का भी दिया जा रहा उदाहरण
छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ IPS अधिकारियों के प्रमोशन और पदस्थापना के लिए पहले भी एक्स-कैडर DG पद बनाने के मामले सामने आए हैं. वर्ष 2018 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की पूर्व अनुमति के बिना तीन एक्स-कैडर DG पदों को मंजूरी दी थी. बाद में हाईकोर्ट ने इस फैसले को रद्द कर दिया था. ऐसे में मौजूदा प्रस्ताव में नियमों के पालन और केंद्रीय गृह मंत्रालय की पूर्व मंजूरी को अहम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ का जल संरक्षण मॉडल देश में बना मिसाल, CM साय ने दिए 4 सुझाव
