CG News: संजय अग्रवाल समेत 3 नेताओं को मिला राज्यमंत्री का दर्जा, प्रोटोकॉल तक सीमित अधिकार
CG News: छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के तीन पदाधिकारियों को राज्यमंत्री का दर्जा प्रदान किया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने 2 सितंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया. शासन के मुताबिक अलग-अलग निगम, मंडल और आयोग में जिम्मेदारी संभाल रहे संजय अग्रवाल, अजय शुक्ला और शरद अवस्थी को यह दर्जा दिया गया है. आदेश जारी होने की तारीख से ही यह व्यवस्था प्रभावी मानी जाएगी.

संजय अग्रवाल और अजय शुक्ला को जिम्मेदारी
संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष के तौर पर राज्यमंत्री का दर्जा मिला है. वहीं अजय शुक्ला को छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में यह हैसियत दी गई है. योग आयोग का काम योग और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना है, जबकि स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड आदिवासी क्षेत्रों की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और औषधीय पौधों से संबंधित गतिविधियों पर काम करता है.
शरद अवस्थी को भी मिला राज्यमंत्री दर्जा
शरद अवस्थी को इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में राज्यमंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है. यह प्राधिकरण इंद्रावती बेसिन क्षेत्र के विकास और उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है. अब तीनों पदाधिकारियों को उनके मौजूदा पदों के साथ राज्यमंत्री स्तर के अनुरूप प्रोटोकॉल की सुविधा मिलेगी.
संवैधानिक अधिकार नहीं, सिर्फ प्रोटोकॉल
शासन के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि राज्यमंत्री का दर्जा केवल शिष्टाचार और प्रोटोकॉल के उद्देश्य से दिया गया है. इस वजह से तीनों पदाधिकारियों को राज्यमंत्री के तौर पर कोई संवैधानिक या प्रशासनिक शक्ति स्वतः प्राप्त नहीं होगी. नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक विभाग, आयोग या संबंधित संस्था की होगी.
सूची का क्रम वरिष्ठता नहीं दर्शाएगा
सरकार ने आदेश में यह भी साफ किया है कि सूची में नाम जिस क्रम में दर्ज किए गए हैं, उससे किसी तरह की वरिष्ठता या प्रोटोकॉल वरीयता तय नहीं होगी. यानी तीनों पदाधिकारियों के नाम का क्रम उनकी आपसी वरिष्ठता का आधार नहीं माना जाएगा. आदेश की तारीख से राज्यमंत्री का दर्जा प्रभावी होने के बाद संजय अग्रवाल, अजय शुक्ला और शरद अवस्थी को उनके संबंधित पदों के साथ नियमों के अनुसार प्रोटोकॉल मिलेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को सरकारी छुट्टी, 6 सितंबर तक मिल सकता है 3 दिन का ब्रेक

