CG News: नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस, 40 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री पूरी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा और कौशल विकास क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी है. देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज यानी NMIMS अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा. मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और भूमि की रजिस्ट्री भी हो चुकी है. इसके साथ ही नवा रायपुर में संस्थान की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है.

40 एकड़ में बनेगा आधुनिक कैंपस
नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा. संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल यानी SVKM को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है. राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी. संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य है, जबकि दो से तीन वर्षों में पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की तैयारी है. कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद करीब 10 हजार विद्यार्थी यहां अध्ययन कर सकेंगे.
प्रदेश के युवाओं को अपने राज्य में मिलेगी बेहतर शिक्षा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों की ओर जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है. NMIMS की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर प्रदेश की युवा शक्ति को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
शिक्षा के साथ कौशल और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
NMIMS की स्थापना से प्रदेश में प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे. संस्थान के आने से विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय की संभावनाएं बढ़ेंगी. इससे उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुसार कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी. साथ ही विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ने के अवसर मिलेंगे, जिससे प्रदेश के नए औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों के लिए दक्ष युवाओं की उपलब्धता बढ़ सकती है.
एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में मजबूत होगा नवा रायपुर
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है. NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस प्रयास को नई गति मिलने की उम्मीद है. देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के आने से शहर का शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक वातावरण समृद्ध होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा, कौशल, नवाचार और रोजगार को जोड़ने की नीति के तहत यह कदम आने वाले वर्षों में नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा और ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभा सकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में आज कमरछठ व्रत, जानिए पूजा और 6 अंक का खास महत्व

