CG News: बस्तर में 4600 बस्तर फाइटर्स की सीधी भर्ती, स्थानीय युवाओं को मिलेंगे 20 बोनस अंक
CG News: बस्तर के युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. बस्तर में 4600 बस्तर फाइटर्स की सीधी भर्ती की जाएगी. पुलिस मुख्यालय की ओर से जल्द ही भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. गृह मंत्रालय ने भर्ती से जुड़ी नियमावली तैयार कर ली है. भर्ती में स्थानीय भाषा का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक दिए जाएंगे.

युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की तैयारी
सरकार इस भर्ती के जरिए बस्तर के स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर देने के साथ उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना चाहती है. खास तौर पर 5वीं और 10वीं पास स्थानीय युवाओं तथा नक्सल प्रभावित परिवारों के सदस्यों को सरकारी सेवा का मौका देने की योजना है. वन मंत्री केदार कश्यप ने भर्ती को बस्तर के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया है. उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं को बड़ी सौगात मिलेगी और 5 हजार युवाओं को सरकार रोजगार देगी. मंत्री ने अधिक से अधिक युवाओं से भर्ती में शामिल होकर देश की सेवा करने की अपील की.
स्थानीय निवासी होना जरूरी
भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का संबंधित जिले का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य रहेगा. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है. वहीं, एसटी वर्ग के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी पात्र होंगे. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के नक्सल पीड़ित परिवारों और राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के सभी वर्गों के उम्मीदवारों को भी 5वीं पास की योग्यता पर भर्ती में अवसर मिलेगा.
18 से 28 वर्ष होगी आयु सीमा
बस्तर फाइटर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए. एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी. इसके अलावा महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों और संविदा कर्मचारियों को भी नियमों के अनुसार अतिरिक्त आयु छूट दी जाएगी. इस भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया कुल 200 अंकों की होगी.
शारीरिक परीक्षा में 100 अंक
चयन प्रक्रिया के पहले चरण में 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी. इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक के साथ 100 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल होगी. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे, जबकि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं. स्थानीय भाषा में मिलने वाले 20 बोनस अंकों के साथ भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: जांजगीर-चांपा में घर की नींव खोदते समय मिला ‘खजाना’, दुर्लभ मूर्तियों के साथ ब्रिटिशकालीन सिक्का बरामद

