CG News: जांजगीर-चांपा में घर की नींव खोदते समय मिला ‘खजाना’, दुर्लभ मूर्तियों के साथ ब्रिटिशकालीन सिक्का बरामद
CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. परसाही बाना गांव में घर की नींव की खुदाई के दौरान प्राचीन दिखाई देने वाली दुर्लभ मूर्तियां और ब्रिटिशकालीन सिक्का मिला है. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद मूर्तियों व सिक्के को जब्त कर लिया. अब इन वस्तुओं की वास्तविक उम्र और ऐतिहासिक महत्व की जांच की जाएगी.

लगातार आ रहे थे सपने
बताया जा रहा है कि गांव के सम्मत कंवर को लगातार कुछ सपने आ रहे थे. इसके बाद उन्होंने गांव के एक बैगा से संपर्क किया. बैगा की सलाह पर सम्मत कंवर ने अपने घर की नींव की खुदाई करवाने का फैसला लिया. खुदाई शुरू होने के बाद जमीन के अंदर से दुर्लभ मूर्तियां और एक ब्रिटिशकालीन सिक्का निकलने की बात सामने आई, जिसके बाद पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई.
बरामद सामग्री के बाद हिस्सेदारी को लेकर विवाद
खुदाई में मिली सामग्री के बाद घर मालिक सम्मत कंवर और बैगा के बीच विवाद खड़ा हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बरामद वस्तुओं में हिस्सेदारी को लेकर मतभेद हुआ. घर मालिक की ओर से ज्यादा हिस्सेदारी की मांग किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया. मामला इतना बढ़ा कि सम्मत कंवर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी.
शिकायत के बाद पुलिस ने जब्त किया सामान
शिकायत मिलने के बाद अकलतरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने वहां मिली सभी मूर्तियों और सिक्के को अपने कब्जे में ले लिया. इसके साथ ही पूरे मामले की जानकारी अकलतरा SDM को दी गई है. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब बरामद सामग्री को सुरक्षित रखा गया है, ताकि आगे इसकी जांच कराई जा सके.
पुरातत्व विभाग करेगा वस्तुओं की जांच
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई मूर्तियों और सिक्के को जांच के लिए पुरातत्व विभाग को सौंपा जाएगा. विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि मूर्तियां वास्तव में कितनी पुरानी हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है. वहीं ब्रिटिशकालीन बताए जा रहे सिक्के की भी जांच होगी. फिलहाल खुदाई से मिली इन वस्तुओं की असलियत और प्राचीनता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: CGPSC घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, दुर्ग से बलरामपुर तक 7 ठिकानों पर छापेमारी

