CG News: तालाब के बीच विराजे भोलेनाथ, छटेरा का शिव मंदिर बना आस्था का खास केंद्र
CG News: राजिम के नवापारा क्षेत्र का छटेरा गांव अपने धार्मिक स्थलों और आस्था की परंपराओं के लिए खास पहचान रखता है, गांव में करीब डेढ़ दशक पहले ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से तालाब के बीच श्री रामेश्वर शिव मंदिर का निर्माण कराया गया था. इन दिनों तालाब पानी से लबालब है और मंदिर के चारों ओर हरियाली का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा है, मंदिर तक पहुंचने के लिए बने आकर्षक पुल से होकर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंचते हैं.

मनोकामना लेकर पहुंचते हैं श्रद्धालु
श्री रामेश्वर शिव मंदिर में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं, लोग संतान प्राप्ति, विवाह संबंधी परेशानियों और अन्य मनोकामनाओं को लेकर भगवान शिव के दरबार में प्रार्थना करते हैं. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्ची श्रद्धा से मांगी गई मन्नत भोलेनाथ पूरी करते हैं, मंदिर में सुबह और शाम होने वाली आरती के दौरान बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं और पूरा परिसर शिव भक्ति में डूबा नजर आता है.

सावन में बढ़ जाती है श्रद्धालुओं की भीड़
सामान्य दिनों में मंदिर के कपाट दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक विश्राम के लिए बंद रहते हैं, हालांकि सावन के सोमवार को भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर पूरे दिन खुला रहता है. सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहता है, घंटियों की आवाज और हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाता है.
धार्मिक स्थल के साथ प्राकृतिक सुंदरता भी खास
श्री रामेश्वर महादेव मंदिर के आसपास का प्राकृतिक वातावरण भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है, तालाब का स्वच्छ जल, चारों ओर हरियाली और शांत वातावरण यहां आने वाले लोगों को सुकून का अहसास कराता है. मंदिर के पास श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा टीन शेड विश्राम कक्ष भी बनाया गया है, वहीं मंदिर के तालाब का उपयोग स्नान और धार्मिक गतिविधियों के लिए किया जाता है, जबकि ग्रामीणों की निस्तारी के लिए पास में अलग तालाब मौजूद है.
शिव आराधना के साथ विष्णु-लक्ष्मी के भी दर्शन
मंदिर परिसर की एक विशेषता भगवान विष्णु और माता महालक्ष्मी की शेषशय्या पर विराजमान प्रतिमाएं भी हैं, जिसके चलते यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान शिव के साथ विष्णु और महालक्ष्मी के दर्शन का अवसर मिलता है. तालाब के बीच स्थित मंदिर, आकर्षक पुल, हरियाली, शांत वातावरण और ग्रामीणों की सामूहिक आस्था ने छटेरा के श्री रामेश्वर शिव मंदिर को खास धार्मिक स्थल बना दिया है, सावन के दिनों में यहां गूंजते हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: 65 लाख उपभोक्ताओं को राहत, अब रोजाना के हिसाब से लगेगा लेट पेमेंट चार्ज




