CG News: नक्सल हिंसा के साए से बाहर आया छिंदनार, पहली बार गांव में जुटे लोग और सुनी PM मोदी की ‘मन की बात’
CG News: बस्तर के दूरस्थ वनांचल छिंदनार में रविवार को बदले हुए माहौल की तस्वीर देखने को मिली. यहां ग्रामीणों ने एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना. नक्सली हिंसा के दौर में दहशत के बीच रहने वाले इस इलाके में लोगों का शांतिपूर्वक रेडियो के सामने जुटना बदलाव का संदेश देता नजर आया. ग्रामीणों में प्रधानमंत्री का संदेश सुनने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया.
मंत्री, सांसद और विधायक भी रहे मौजूद
‘मन की बात’ सुनने के लिए छिंदनार में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए. वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने भी ग्रामीणों के साथ बैठकर कार्यक्रम सुना. गांव के कई लोगों के लिए यह पहली बार था, जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रेडियो के जरिए सीधे सुना. पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री की बातों को ध्यान से सुना.
ग्रामीणों ने बताया प्रेरणादायक कार्यक्रम
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ग्रामीणों ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों को एक-दूसरे से जोड़ने का माध्यम है. इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों, नए प्रयोगों और सामाजिक पहलों की जानकारी मिलती है. ग्रामीणों के मुताबिक, ऐसे प्रयास लोगों को समाज और देश के लिए बेहतर काम करने की प्रेरणा देते हैं और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं.
धमाकों से रेडियो तक पहुंचा बदलाव
छिंदनार की यह तस्वीर बस्तर में बदलते हालात की ओर भी इशारा करती है. जहां कुछ समय पहले तक नक्सली हिंसा के कारण ग्रामीणों के बीच भय का माहौल रहता था, वहीं अब लोग विकास और सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं. सड़क, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. ऐसे में ‘मन की बात’ सुनने के लिए ग्रामीणों का एकजुट होना बदलाव की मानवीय तस्वीर बनकर सामने आया.
विकास के साथ मजबूत हो रहा भरोसा
सरकार की ओर से बस्तर के दुर्गम इलाकों में लंबे समय से प्रभावित विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर है. छिंदनार में ग्रामीणों का प्रधानमंत्री का संदेश सुनना इसी बदलते माहौल की एक झलक माना जा सकता है, जहां हिंसा और भय की जगह अब विकास, संवाद और सामान्य जीवन की उम्मीद दिखाई दे रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: क्रिटिकल मिनरल्स की नीलामी को लेकर नवा रायपुर में रोड शो, CM साय की मौजूदगी में होंगे कई बड़े ऐलान




