CG News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर CM साय ने ‘हमारे खिलाड़ी’ पुस्तक का किया विमोचन, फोटो प्रदर्शनी में दिखा छत्तीसगढ़ का खेल इतिहास
CG News: रायपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की खेल उपलब्धियों को समर्पित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया. पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों के संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों और जानकारियों को देखा.

खिलाड़ियों के संघर्ष की दिखी झलक
फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की कई खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया. शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित अन्य प्रमुख व्यक्तित्वों से जुड़े प्रसंगों को तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया. वीर हनुमान सिंह की खेल यात्रा और योगदान को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया.
‘हमारे खिलाड़ी’ पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया. पुस्तक में छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों की खेल यात्रा, उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक तस्वीरों के साथ शामिल किया गया है. यह पुस्तक प्रदेश के खेल इतिहास को संजोने और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी.
नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
प्रदर्शनी और पुस्तक के जरिए खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर को सामने लाने का प्रयास किया गया है. इसमें ऐसी उपलब्धियों और प्रेरक प्रसंगों को जगह दी गई है, जो युवाओं को खेलों से जुड़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर सकते हैं. मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खेल विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाली इस पहल की सराहना की.
खेल विभाग और जनसंपर्क विभाग की पहल
फोटो प्रदर्शनी और ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग ने तैयार किया है. इस पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पुराने खेल इतिहास से लेकर वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक साथ प्रस्तुत किया गया है. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली दूरपति राठिया की जिंदगी, कच्चे घर से मिला सुरक्षित पक्का आशियाना


