CG News: PM सूर्यघर योजना से बदल रही छत्तीसगढ़ की तस्वीर, 5 लाख घरों को सोलर से जोड़ने का लक्ष्य
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जरिए घरों की छतों पर सौर ऊर्जा का विस्तार तेजी से हो रहा है. योजना का उद्देश्य परिवारों को बिजली खर्च में राहत देने के साथ उन्हें स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन से जोड़ना है. राज्य में अब तक करीब 95 हजार घर सौर ऊर्जा से जुड़ चुके हैं, जबकि CSPDCL को 1.80 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. राज्य सरकार ने मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य तय किया है.
![]()
सब्सिडी से आसान हुआ सोलर प्लांट लगाना
योजना के तहत केंद्र के साथ छत्तीसगढ़ सरकार भी रूफटॉप सोलर लगाने वाले पात्र परिवारों को सब्सिडी दे रही है. एक किलोवाट के सिस्टम पर केंद्र की 30 हजार और राज्य की 15 हजार रुपये की सहायता मिलाकर कुल 45 हजार रुपये तक लाभ मिलता है. दो किलोवाट पर यह सहायता कुल 90 हजार रुपये तक पहुंचती है, जबकि तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध हो सकती है. इसके अलावा बैंक लोन और आसान EMI की सुविधा से शुरुआती खर्च का बोझ कम करने में मदद मिलती है.

सोलर से घट रहा परिवारों का बिजली खर्च
सौर ऊर्जा अपनाने वाले परिवारों को बिजली बिल में सीधा फायदा दिखाई दे रहा है. सक्ती जिले के जर्वे गांव के किसान राजकुमार मनहर ने जून 2025 में अपने घर पर 2 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाया था. करीब 1 लाख 26 हजार रुपये की लागत वाले इस सिस्टम पर उन्हें केंद्र से 60 हजार रुपये की सब्सिडी मिल चुकी है, जबकि राज्य की 30 हजार रुपये की सहायता प्रक्रिया में है. सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका 300 से 400 रुपये तक आने वाला मासिक बिजली बिल अब शून्य हो गया है.
अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने का विकल्प
इस योजना का फायदा केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है. रूफटॉप सोलर सिस्टम से जरूरत से ज्यादा बिजली बनने पर नेट मीटरिंग के जरिए उसे बिजली ग्रिड में भेजने का विकल्प मिलता है. इससे आम उपभोक्ता ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया में भागीदार बन सकता है. बड़ी संख्या में घरों पर सोलर सिस्टम लगने से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने, स्वच्छ ऊर्जा बढ़ाने और राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने में भी मदद मिल सकती है.
गांव से शहर तक सौर ऊर्जा का विस्तार
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को CSPDCL के माध्यम से लागू किया जा रहा है. योजना की जानकारी और आवेदन के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर पोर्टल, मोबाइल ऐप, CSPDCL की वेबसाइट, मोर बिजली ऐप और टोल-फ्री नंबर 1912 जैसे माध्यम उपलब्ध हैं. पंजीकृत वेंडर्स से लगाए गए सोलर सिस्टम पर पांच वर्ष की व्यापक रखरखाव सेवा का प्रावधान भी किया गया है. करीब 95 हजार घरों के सौर ऊर्जा से जुड़ने और 1.80 लाख से अधिक आवेदन मिलने के बाद अब सरकार का अगला बड़ा लक्ष्य मार्च 2027 तक 5 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है.
यह भी पढ़ें : CG News: CM साय ने सुनी मन की बात, नशामुक्ति से स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण तक इन मुद्दों पर दिया जोर




