CG News: CM साय ने सुनी मन की बात, नशामुक्ति से स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण तक इन मुद्दों पर दिया जोर
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर की निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 137वीं कड़ी सुनी. कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि मन की बात सिर्फ रेडियो पर प्रसारित होने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री का देशवासियों से सीधा संवाद है. उनके मुताबिक, इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में समाजहित के लिए काम कर रहे लोगों, नए प्रयोगों और सकारात्मक बदलावों को पहचान मिलती है. इससे दूसरे लोगों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है.

नशामुक्त युवा, विकसित भारत का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने नशामुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प पर विशेष जोर दिया है. उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे से दूर रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर देश के विकास में उनकी ऊर्जा का सही इस्तेमाल किया जा सकता है.

हर घर तिरंगा और महिला सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति उत्साह और सम्मान दिखाया. अभियान में 8 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी साझा करना राष्ट्रप्रेम की भावना को दर्शाता है. उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर छोटे कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं. आर्थिक रूप से मजबूत महिलाएं परिवार और समाज दोनों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
स्वच्छता को आदत बनाने की अपील
मुख्यमंत्री साय ने स्वच्छता को लेकर भी प्रदेशवासियों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि साफ-सफाई केवल सरकारी अभियान नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक की रोजमर्रा की जिम्मेदारी बननी चाहिए. घर, मोहल्ले, गांव और शहर के आसपास स्वच्छता रखने से जीवन की गुणवत्ता बेहतर होती है. उन्होंने कहा कि जब लोग अपने स्तर पर स्वच्छता का संकल्प लेते हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर दिखाई देता है.
मन की बात में छत्तीसगढ़ की बेटी का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का उल्लेख होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है. मिशन शक्ति सैट के जरिए छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है. उन्होंने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और खेल सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात में बस्तर ओलंपिक, मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों का उल्लेख भी प्रदेश की उपलब्धियों और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह, खिलाड़ियों को मिले 1 करोड़ 74 लाख, ओलंपिक की तैयारी पर जोर




