Jashpur News: जशपुर को 93 करोड़ की सौगात, डिप्टी CM अरुण साव ने शतरंज प्रतियोगिता का किया उद्घाटन
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का शनिवार को जशपुर के आगडीह हवाई अड्डे पर आत्मीय स्वागत किया गया. जशपुर पहुंचने के बाद उन्होंने पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में चेकमेट एट जशपुर, अखिल भारतीय ओपन FIDE रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया. चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 29 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित की जा रही है.

12 राज्यों से पहुंचे 175 से ज्यादा खिलाड़ी
शतरंज प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों से 175 से अधिक खिलाड़ी और कोच हिस्सा ले रहे हैं. खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता में कुल ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है. उद्घाटन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
शतरंज सिखाता है धैर्य और सही निर्णय
अरुण साव ने कहा कि शतरंज सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह धैर्य, एकाग्रता, अनुशासन और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है. जशपुर जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को नई पहचान दिलाने में मदद करेगा.
जशपुर को 93 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
शतरंज प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के लिए करीब 93 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी. इसमें 86.99 करोड़ रुपये की अमृत मिशन जल प्रदाय योजना और करीब 7 करोड़ रुपये के गंदे पानी के शुद्धिकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं. इन योजनाओं के जरिए शहर में पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
तालाब और बस स्टैंड के विकास पर भी जोर
जशपुर नगर में करीब 4.68 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की गई. इसके तहत रानी सती तालाब, हाईटेक बस स्टैंड और वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार समेत अन्य कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की बात कही गई. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जशपुर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार नागरिक सुविधाओं और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है.


