CG News: 2047 के विकसित छत्तीसगढ़ की तैयारी, GYAN मॉडल के जरिए गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को मिलेगी नई ताकत
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है. सरकार ने विकास की प्राथमिकताओं को GYAN मॉडल के चार प्रमुख स्तंभों से जोड़ा है. इसमें G का मतलब गरीब, Y का युवा, A का अन्नदाता और N का नारी है. सरकार का दावा है कि इन चार वर्गों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है.

G यानी गरीबों के लिए बुनियादी सुविधाओं पर जोर
सरकार की प्राथमिकताओं में समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना शामिल है. आवास, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं के जरिए गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार पर जोर दिया जा रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के लिए 825 करोड़ रुपये के प्रावधान का उल्लेख किया गया है. ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास की मुख्यधारा से ज्यादा से ज्यादा परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
Y यानी युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार
GYAN मॉडल में युवाओं को भविष्य की सबसे बड़ी ताकत के तौर पर देखा गया है. शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर सरकार का फोकस है. स्कूली शिक्षा के लिए करीब 22,360 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ अबूझमाड़ और जगदलपुर जैसे क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी की परिकल्पना की गई है. ITI और पॉलिटेक्निक संस्थानों के आधुनिकीकरण, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
A यानी अन्नदाता की समृद्धि पर फोकस
छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में किसानों की भूमिका को देखते हुए अन्नदाता को GYAN मॉडल का अहम स्तंभ बनाया गया है. कृषि विभाग के लिए 13,507 करोड़ रुपये और कृषक उन्नति योजना के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान का उल्लेख किया गया है. भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना में 600 करोड़ रुपये का प्रावधान है. आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, जल संरक्षण और कृषि नवाचार के जरिए उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.
N यानी नारी सशक्तिकरण से परिवार को मजबूती
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महतारी वंदन योजना को सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल किया गया है. योजना के तहत 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये DBT के जरिए दिए जाने की बात कही गई है. इसके लिए बजट में 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए कुल 11,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं. सरकार के अनुसार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, बालिकाओं के बेहतर भविष्य और संपत्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाली योजनाओं के जरिए नारी शक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है.
चारों स्तंभ मिलकर बनाएंगे विकसित छत्तीसगढ़
सरकार के मुताबिक GYAN मॉडल के चारों स्तंभ एक-दूसरे से जुड़े हैं. गरीब परिवारों को अवसर मिलने से युवा आगे बढ़ेंगे, सक्षम युवा कृषि और उद्योग को नई दिशा देंगे, किसानों की समृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं के सशक्त होने से परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी. इसी समग्र सोच के साथ सरकार 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और सक्षम छत्तीसगढ़ की नींव तैयार करने का दावा कर रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह-2026, CM साय समेत कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल



