CG News: CBSE 12वीं Supplementary Result के बाद बड़ा अपडेट, स्कैन कॉपी और Revaluation का मौका
CG News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 के बाद होने वाली प्रक्रियाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है. जिन छात्रों को अपने अंकों को लेकर आपत्ति है, उन्हें उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी, अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा. बोर्ड ने सभी प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग तारीखें निर्धारित की हैं, इसलिए छात्रों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखना होगा.

31 अगस्त से मिलेगी स्कैन कॉपी
CBSE के अनुसार, सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल छात्र 31 अगस्त से अपनी जांची हुई उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 1 सितंबर निर्धारित की गई है. छात्रों को पहले अपनी पसंद के विषय की उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करना होगा. इसके बाद ही आगे की निर्धारित प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा.
स्कैन कॉपी के लिए 100 रुपए शुल्क
उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए छात्रों को प्रति विषय 100 रुपए शुल्क देना होगा. इसके बाद अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 सितंबर से 8 सितंबर तक चलेगी. अंकों के सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 100 रुपए और पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है. छात्र नियमों के अनुसार सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन दोनों के लिए आवेदन कर सकते हैं.
ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होंगे
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन और फीस भुगतान की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. निर्धारित तारीख और समय समाप्त होने के बाद भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इसी तरह ऑफलाइन माध्यम से किए गए आवेदन भी मान्य नहीं होंगे. फीस का भुगतान UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकेगा. डीडी, चेक, नकद या मनी ऑर्डर से भुगतान की सुविधा नहीं होगी.
समय सीमा का रखना होगा ध्यान
CBSE के निर्देशों के मुताबिक, गलत तरीके से जमा किए गए या निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वाले आवेदन बिना किसी अलग सूचना के खारिज किए जा सकते हैं. प्रत्येक चरण के लिए छात्र का केवल एक आवेदन स्वीकार किया जाएगा. ऐसे में कक्षा 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल छात्रों को आवेदन करने से पहले सभी जरूरी जानकारी और शुल्क से जुड़े नियमों को ध्यान से देखना होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: 17 सितंबर से शुरू होगा विशेष अभियान, घर-घर पहुंचेगी मोदी सरकार की उपलब्धियां




