CG News: 17 सितंबर से शुरू होगा विशेष अभियान, घर-घर पहुंचेगी मोदी सरकार की उपलब्धियां
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक और प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है. छत्तीसगढ़ में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान अभियान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता एक महीने तक विभिन्न गतिविधियों में शामिल होंगे. अभियान के दौरान केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा.
विकास और जनकल्याण पर रहेगा फोकस
डॉ. पाटीदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है. भाजपा का यह अभियान सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने का माध्यम बनेगा. पार्टी कार्यकर्ताओं को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके.
छत्तीसगढ़ के विकास का भी होगा जिक्र
रायपुर प्रवास के दौरान डॉ. पाटीदार ने छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राज्य के विकास को गति देने के लिए केंद्र की ओर से लगातार काम किया जा रहा है. उनके मुताबिक, बस्तर में नक्सल समस्या के प्रभाव में कमी आने के साथ शांति और विकास की गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं. अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ से जुड़े विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा जाएगा.
रायपुर एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
रायपुर पहुंचने पर स्वामी विवेकानंद विमानतल पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. कविता पाटीदार का स्वागत किया. इस दौरान प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. भाजपा अब 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान को राज्यभर में व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी कर रही है
यह भी पढ़ें : CG News: इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना होगा महंगा, अब 25% तक मिलेगी सब्सिडी




