Jashpur News: रक्षाबंधन पर CM साय की बड़ी सौगात, पंडरीपानी को मिले 64.49 लाख के विकास कार्य
Jashpur News: रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड स्थित ग्राम पंडरीपानी में महिलाओं के साथ पर्व मनाया. बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी, जिसके बाद सीएम ने उन्हें उपहार देकर अपना स्नेह जताया. इस दौरान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती को लेकर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.

64.49 लाख के 6 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी में 24.70 लाख रुपए की लागत से तैयार महतारी सदन का लोकार्पण किया. इसके साथ ही गांव में कुल 64.49 लाख रुपए के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया. इनमें सिसरिंगा बस्ती और महलीटोली के लिए सीसी सड़क, मंच सह छज्जा, मुडराटोली से बलुआटोली पहुंच मार्ग के लिए सीसी रोड और मुक्तिधाम निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं. महतारी सदन में महिलाओं के प्रशिक्षण, बैठक, उत्पाद निर्माण और बिक्री के लिए सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.

फरसाबहार और भेलवा को भी मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री ने फरसाबहार और भेलवा में नए महतारी सदन बनाने की घोषणा की. इसके अलावा मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपए की स्वीकृति देने की जानकारी दी. सीएम ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में काम करेंगे. प्रदेश में पिछले ढाई साल में 481 महतारी सदनों को मंजूरी मिलने की बात भी उन्होंने कही.
67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में राशि
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 31वीं किस्त के 631 करोड़ 38 लाख रुपए से ज्यादा ट्रांसफर किए गए. त्योहार को देखते हुए सितंबर की राशि भी पहले जारी कर दी गई. कार्यक्रम में कई स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता दी गई, जबकि दो बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक और पांच हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के पट्टे सौंपे गए.

महिलाओं को पोषण सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी वितरित की और तीन बच्चों वान्या, श्रेया और साहिल का अन्नप्राशन कराया. उन्होंने माताओं से बच्चों को उम्र के अनुसार पौष्टिक आहार देने की अपील की. इस दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से तैयार टोपी, शॉल और गुलदस्ता भेंट किया. सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव की अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसके लिए सेवा सेतु की 700 से अधिक ऑनलाइन सेवाओं, अटल डिजिटल सेवा केंद्र और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: बलरामपुर में CM साय का धार्मिक दौरा, मंगल भवन की घोषणा और विकास का भरोसा




