CG News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर PM मोदी का बड़ा कार्यक्रम, 8 लाख युवाओं और खिलाड़ियों से करेंगे संवाद
CG News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के करीब 8 लाख युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद करेंगे. ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री युवाओं और खिलाड़ियों से सीधे जुड़ेंगे. ‘युवा भागीदारी, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के करीब 1,600 केंद्रों से युवा शामिल होंगे.

खेल मंत्रालय ने किया आयोजन
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के खेल विभाग और मेरा युवा भारत के सहयोग से किया जा रहा है. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है. यह आयोजन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़ा है.

हर जिले के दो कॉलेजों में आयोजन
कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो प्रमुख महाविद्यालयों में युवाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. यहां युवा स्थानीय खेल हस्तियों, सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे. इस दौरान पिछले 12 वर्षों में देश के खेल इकोसिस्टम में हुए विस्तार और जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा की जाएगी.
PM मोदी से सवाल और सुझाव
‘खेलो इंडिया संवाद’ के दौरान 15 मिनट का विशेष ‘युवा संवाद’ सत्र भी आयोजित होगा. इसमें युवा जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को बढ़ाने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की वैज्ञानिक पहचान, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रख सकेंगे. युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा.
QR Code से दे सकेंगे सुझाव
कार्यक्रम स्थलों पर QR Code की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. इसके जरिए युवा MY Bharat Portal के Idea Box में अपने सुझाव साझा कर सकेंगे. इसके साथ ही विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज में भी हिस्सा लिया जा सकेगा. सरकार का मानना है कि इस पहल से युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ेगी और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में 82 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिलेगा सम्मान, 29 अगस्त को खेल अलंकरण समारोह


