CG News: नेपाल बाढ़ में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों की मदद के लिए सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
CG News: नेपाल के रसुवा जिले में 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर तबाही की खबर सामने आई है. कई मकान, वाहन, पुल और सड़कें प्रभावित हुई हैं. अचानक आई इस आपदा के चलते लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. बड़ी संख्या में लोगों के हताहत और लापता होने की जानकारी सामने आई है.

छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन जारी की है. सहायता या जरूरी जानकारी के लिए 1070 और +91-771-2223471 पर संपर्क किया जा सकता है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में सरकार अपने नागरिकों के साथ खड़ी है और नेपाल में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
भारतीय दूतावास ने भी जारी किए नंबर
इस बीच भारतीय दूतावास ने भी नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं. जरूरत पड़ने पर +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क किया जा सकता है. परिजनों से अपील की गई है कि नेपाल में मौजूद अपने लोगों की जानकारी लेने के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करें.
बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की खबर
जानकारी के अनुसार, नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा से कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. 160 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है. इनमें कैलास मानसरोवर यात्रा पर गए 59 यात्रियों समेत 133 भारतीयों के लापता होने की बात भी कही जा रही है.
फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी पर फोकस
नेपाल में हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार और भारतीय दूतावास की ओर से सहायता व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है. राज्य सरकार ने नागरिकों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी जरूरी सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें. फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता नेपाल में फंसे लोगों की जानकारी जुटाना और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है.
यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर में पहली बार राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता, 2.50 लाख की इनामी राशि




