CG News: रायपुर में BJP की अहम बैठक, 2 महीने के कामकाज की समीक्षा, सत्ता-संगठन के तालमेल पर फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई प्रभारी मंत्री मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे. यहां सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर कई घंटे तक मंथन हुआ. क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और पवन साय ने प्रभारी मंत्रियों से वन टू वन चर्चा कर उनके जिलों की स्थिति और कामकाज की जानकारी ली.
2 महीने के कामकाज का लिया हिसाब
करीब दो महीने पहले मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में प्रभारी मंत्रियों को जिलों में सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए थे. अब संगठन की ओर से उन्हीं निर्देशों के पालन की समीक्षा की जा रही है. मंत्रियों से यह जानने की कोशिश की गई कि उन्होंने अपने प्रभार वाले जिलों में कितनी बैठकें कीं और जनता से जुड़े कामों को कितनी प्राथमिकता दी.

जनता और कार्यकर्ताओं पर फोकस
प्रभारी मंत्रियों को जिलों में नियमित बैठकें करने और उनमें अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए थे. साथ ही जनता के बीच असंतोष की स्थिति नहीं बनने देने और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने को कहा गया था. संगठन ने जिलों में कार्यकर्ताओं की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली.
CM साय की मौजूदगी में सत्ता-संगठन पर मंथन
शाम को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बैठक में पहुंचे. इसके बाद प्रभारी मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ सत्ता और संगठन के तालमेल को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में जिलों में काम की गति, प्रशासनिक स्थिति और सामने आ रही समस्याओं पर फीडबैक लिया गया. जो कमियां सामने आईं, उन्हें आपसी तालमेल से दूर करने पर जोर दिया गया.
पहले दिन 16 जिलों की समीक्षा
दो दिवसीय बैठक के पहले दिन मंगलवार को 16 जिलों के प्रभारी मंत्रियों से चर्चा की गई. इसमें डिप्टी सीएम अरुण साव सहित केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, दयालदास बघेल और राजेश अग्रवाल समेत अन्य मंत्री शामिल रहे. बुधवार को बाकी 17 जिलों के प्रभारी मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और संगठन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की जाएगी.
योजनाओं और संगठन का भी फीडबैक
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली गई. संगठन की स्थिति पर भी फीडबैक लिया गया कि जिलों में टीम का गठन पूरा हुआ है या नहीं. प्रभारी मंत्रियों से जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया. बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार के काम और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना बताया गया.
यह भी पढ़ें : CG News: 28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन, सुबह से राखी बांधने के कई शुभ मुहूर्त


