CG News: CM साय को शहीद जवान की पत्नी ने बांधी राखी, 800 जवानों को भी मिली राखी
CG News: रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी. वहीं स्कूली बच्चियों ने CISF, BSF और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया.

जवानों के साहस को CM साय ने किया नमन
मुख्यमंत्री ने जवानों के बीच रक्षाबंधन मनाने को भावुक और खास अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है. CM साय ने जवानों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष से देश नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में जवानों की सफलता बहनों के लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं है.

शहीद जवान की पत्नी को बताया अपनी बहन
माधुरी वर्मा के मुख्यमंत्री को राखी बांधने के बाद CM साय ने भावुक अंदाज में कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे केवल भाई-भाई हैं, लेकिन आज उन्हें एक बहन मिली है. उन्होंने कहा कि शहीद जवान के परिवार के साथ पूरा समाज खड़ा है और वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा. कार्यक्रम में मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया.
68 लाख बहनों को मिलेगी 31वीं किस्त
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है. रक्षाबंधन के अवसर पर 68 लाख बहनों के खातों में 31वीं किस्त के रूप में करीब 631 करोड़ रुपये भेजने की बात भी कही गई, ताकि बहनें त्योहार खुशी से मना सकें.
बस्तर के विकास को लेकर बड़ा वादा
CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने बस्तर को लेकर भी बड़ा भरोसा दिलाते हुए कहा कि लंबे समय तक क्षेत्र में विकास की रफ्तार प्रभावित रही, लेकिन अब बस्तर संभाग में तेजी से विकास किया जाएगा. कार्यक्रम में जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया, जिसमें मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.




