CG News: श्रमिक परिवारों के बच्चों को बड़े स्कूलों में FREE शिक्षा, CM साय का बड़ा ऐलान
CG News: रायपुर में आयोजित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए सरकार की शिक्षा पहल पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली बच्चे के सपनों में बाधा नहीं बननी चाहिए. इसी उद्देश्य से योजना के तहत बच्चों को प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर दिया जा रहा है.

200 बच्चों को मिल रही मुफ्त शिक्षा
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की शुरुआत पिछले वर्ष 100 बच्चों से हुई थी, जिसे अब बढ़ाकर 200 बच्चों तक किया गया है. प्रदेश के सभी 33 जिलों से चयनित विद्यार्थी राजकुमार कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल और रुंगटा पब्लिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक मुफ्त शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया.

श्रमिकों को करोड़ों की सहायता
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 1 लाख 45 हजार 841 श्रमिकों को 39 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि DBT के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई. श्रम विभाग के तीन मंडलों के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, मातृत्व सहायता, कौशल विकास और आवास सहित 67 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में 774 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता श्रमिकों को दी गई है.
CM साय ने बच्चों के साथ किया भोजन
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए अपने जीवन के संघर्ष और अनुभव साझा किए. उन्होंने बच्चों से बड़े सपने देखने और शिक्षा, मेहनत तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील की. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया, इस दौरान विद्यार्थियों ने उनसे बचपन, पढ़ाई और जीवन से जुड़े सवाल पूछे. मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सफलता ही उनके माता-पिता और सरकार की सबसे बड़ी खुशी होगी.
दूरदराज के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर और प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में भी शिक्षा के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं. ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी जैसी पहल के जरिए बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने की कोशिश हो रही है. समारोह में बीजापुर के अतीश ने IAS बनने का सपना बताया, जबकि कबीरधाम की इशिका ने कहा कि प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने से उनका अंग्रेजी बोलने का आत्मविश्वास बढ़ा है. सरकार का लक्ष्य है कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जाए.
यह भी पढ़ें : CG News: नवा रायपुर सेक्टर-12 फेस-2 में बड़ा आवासीय प्रोजेक्ट, 348 भवन और 704 फ्लैट बनेंगे




