CG News: रायपुर में अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का आयोजन, श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों को मिला सम्मान
CG News: राजधानी रायपुर में अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया. इस साल योजना के तहत 200 बच्चों का चयन हुआ है, जबकि पिछले वर्ष 100 बच्चों को इसका लाभ मिला था. इस तरह अब तक कुल 300 बच्चों को योजना से जोड़ा गया है.

श्रमिकों के खातों में पहुंची करोड़ों की राशि
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के बैंक खातों में 39 करोड़ 67 लाख रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के विकास के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है. उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलने को जरूरी बताते हुए कहा कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के जरिए श्रमिक परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है.

बच्चों ने बताया अपना सपना
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान छात्रों से बातचीत करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य भी पूछे. बच्चों ने कलेक्टर बनने की इच्छा जताई. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए UPSC की तैयारी करनी होगी और कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी. उन्होंने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से अपने सपनों को पूरा किया जा सकता है.
शिक्षा के साथ श्रमिक हितों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग योजनाओं के जरिए काम कर रही है. उन्होंने PF व्यवस्था और न्यूनतम पेंशन में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रमिकों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सड़क, भवन और दूसरी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है.
300 बच्चों और अभिभावकों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में इस वर्ष चयनित 200 बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी शामिल हुए. पिछले साल के 100 चयनित बच्चों को मिलाकर योजना से जुड़े कुल 300 बच्चों की उपस्थिति रही. कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा और रामप्रताप सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए बेहतर भविष्य का अवसर देना है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में शुरू होंगी 8 नई ओपन जेल, अच्छे आचरण वाले बंदियों को मिलेगा नई जिंदगी का अवसर


