CG News: बीजापुर के गोरना गांव में बदली तस्वीर, 79 साल बाद घर-घर पहुंची बिजली
CG News: बस्तर के बीजापुर जिले में नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास की तस्वीर तेजी से बदल रही है. जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर गोरना गांव में आजादी के 79 साल बाद बिजली पहुंची है. नियद नेल्लानार योजना के तहत गांव तक करीब 5 किलोमीटर विद्युत लाइन बिछाकर 7 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं. कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद गांव के 85 घर रोशन हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों के लिए लंबे इंतजार का अंत हुआ है.

बिजली से बच्चों की पढ़ाई को मिलेगा सहारा
गोरना में बिजली पहुंचना ग्रामीणों के लिए केवल रोशनी की सुविधा नहीं, बल्कि विकास की नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. अब रात के समय घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी आसानी से हो सकेगी. ग्रामीणों को उम्मीद है कि बिजली आने के बाद गांव में शिक्षा का माहौल बेहतर होगा और बच्चों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे. इसके साथ ही सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद भी बढ़ी है.
सुरक्षा मजबूत हुई तो विकास ने पकड़ी रफ्तार
नक्सल प्रभाव के कारण गोरना में लंबे समय तक सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना मुश्किल रहा. अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद सड़क निर्माण और विद्युत विस्तार जैसे कामों को गति मिली है. गोरना में बिजली पहुंचना इसी बदलाव की एक अहम कड़ी माना जा रहा है. प्रशासन और ग्रामीणों को उम्मीद है कि आने वाले समय में गांव मुख्यधारा की सुविधाओं से और मजबूती से जुड़ सकेगा.
अधिकारियों ने लिया व्यवस्था का जायजा
विद्युत सुविधा शुरू होने के बाद कंपनी के कार्यपालक निदेशक टीके मेश्राम सहित विभागीय अधिकारियों ने गोरना पहुंचकर विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर बिजली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली. विभाग की ओर से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है कि गांव में बिजली आपूर्ति नियमित रहे और किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर उसका जल्द समाधान किया जाए.
बिजली बंद होने पर तुरंत पहुंचेगा अमला
विद्युत कंपनी के कार्यपालक निदेशक ने क्षेत्र के डीई, एई और जेई को निर्देश दिए हैं कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में मैदानी अमला तत्काल गांव पहुंचे और समस्या दूर करे. ग्रामीणों की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं. गोरना में 79 साल बाद बिजली पहुंचना, बीजापुर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ विकास की बदलती तस्वीर का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया है.
यह भी पढ़ें : CG News: बस्तर के पाथरी गांव में मिले सैकड़ों प्राचीन शिवलिंग, खुदाई से खुल सकते हैं पुराने राज




