CG News: छत्तीसगढ़ की संजू देवी का बड़ा कमाल, एशियन गेम्स में भारत के लिए खेलेंगी कबड्डी
CG News: छत्तीसगढ़ की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने प्रदेश को एक और गौरव का मौका दिया है. शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में हुआ है. अब संजू देवी जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. कबड्डी प्रतियोगिता 21 से 26 सितंबर के बीच आयोजित होगी.

विश्व कप में बनी थीं MVP
संजू देवी का भारतीय टीम में चयन उनके लगातार शानदार प्रदर्शन का नतीजा है. वर्ष 2025 में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप में उन्होंने भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट की Most Valuable Player यानी MVP चुना गया था. इसके अलावा एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
सरकार ने 50 लाख रुपये से किया सम्मानित
संजू देवी की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने भी उन्हें सम्मानित किया है. अप्रैल 2026 में उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने उन्हें 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की थी. यह सम्मान महिला कबड्डी विश्व कप और एशियन चैंपियनशिप में भारत के लिए उनके प्रदर्शन के लिए दिया गया था.
अब एशियन गेम्स में पदक पर नजर
एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम से पदक की उम्मीद रहती है. ऐसे में संजू देवी का टीम में शामिल होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है. विश्व कप में MVP का खिताब हासिल करने के बाद अब उनकी नजर एशियन गेम्स में भी दमदार प्रदर्शन पर होगी. संजू के अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय टीम को उनसे काफी उम्मीदें रहेंगी.
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की बढ़ रही पहचान
पिछले कुछ समय में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौजूदगी बढ़ी है. अलग-अलग खेलों में प्रदेश के खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं. संजू देवी की उपलब्धि इसी बढ़ती खेल प्रतिभा की एक और मिसाल है. उनका एशियन गेम्स में चयन प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का बड़ा अवसर माना जा रहा है.



