CG News: छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना को मिली रफ्तार, सरकार ने पूरे किए 11 लाख से अधिक मकान
CG News: छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत निर्माण कार्य में तेजी लाने का दावा किया गया है. उपमुख्यमंत्री एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार बनने के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं. सरकार का कहना है कि पात्र गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है.

पहली कैबिनेट में लिया गया था बड़ा संकल्प
उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और उनका निर्माण पूरा कराने का संकल्प लिया गया था. इसी लक्ष्य के तहत पुराने और नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के निर्माण को आगे बढ़ाया गया. लंबित मकानों के लिए भी आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है.

पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख मकान पूरे
सरकार के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूरा हुआ. इसे देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण होने की उपलब्धि बताया गया है. वहीं, वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति देने का दावा किया गया है.
कुल 20.40 लाख आवास पूरे
आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में स्वीकृत कुल आवासों में से अब तक करीब 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है. इनमें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूरे हुए नए मकानों के साथ पुराने वित्तीय वर्षों में स्वीकृत और लंबे समय से लंबित आवास भी शामिल हैं. सरकार का कहना है कि इन पुराने मकानों को भी राशि उपलब्ध कराकर पूरा कराया गया है.
4 लाख मकान अभी निर्माणाधीन
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत करीब 48 हजार मकानों में से लगभग 20 हजार पूरे किए जा चुके हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करीब 23 हजार आवास भी शामिल हैं. प्रदेश में लगभग 4 लाख मकानों का निर्माण अभी जारी है. सरकार का लक्ष्य है कि निर्माणाधीन और लंबित आवासों को जल्द पूरा कर हर पात्र गरीब परिवार को पक्के मकान का लाभ दिया जाए.
यह भी पढ़ें : CG News: NEET UG काउंसलिंग पर मंत्री का बड़ा बयान, डोमिसाइल में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई



