CG News: NEET UG काउंसलिंग पर मंत्री का बड़ा बयान, डोमिसाइल में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई
CG News: छत्तीसगढ़ में NEET UG काउंसलिंग 2026 को लेकर डोमिसाइल और दूसरे दस्तावेजों पर उठ रहे सवालों के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के हक की एक भी मेडिकल सीट प्रभावित नहीं होने दी जाएगी. स्थानीय छात्रों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी के डोमिसाइल या अन्य दस्तावेजों को लेकर शिकायत सामने आती है, तो उसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी. जिन विद्यार्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. वहीं, जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ऑनलाइन होगी काउंसलिंग की प्रक्रिया
NEET UG प्रवेश 2026 के लिए छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय काउंसलिंग ऑनलाइन माध्यम से कराई जा रही है. इसमें रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग, मेरिट के आधार पर सीट आवंटन, मूल दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया शामिल है. सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को जरूरी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे.
डोमिसाइल प्रमाण पत्र की भी जांच
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों के मूल निवासी प्रमाण पत्र यानी डोमिसाइल और वर्ग प्रमाण पत्र की भी जांच की जाएगी. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य की पात्र सीटों का लाभ केवल योग्य अभ्यर्थियों को ही मिले. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी.
मेडिकल सीटों पर सरकार का भरोसा
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने मेडिकल प्रवेश के लिए कड़ी मेहनत की है. राज्य में मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ना बड़ी उपलब्धि है. सरकार का कहना है कि काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार होगी और छत्तीसगढ़ के पात्र विद्यार्थियों के हितों की पूरी तरह रक्षा की जाएगी.
यह भी पढ़ें : CG News: महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले, महिलाओं को मिलेगा बड़ा फायदा



