CG News: भिलाई में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा की तैयारी अंतिम चरण में, 50 बसों से आसान होगा सफर
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा की शुरुआत दुर्ग-भिलाई से करने की तैयारी तेज हो गई है. बसों के चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंचाने के लिए रेलवे ट्रैक के नीचे से बिजली लाइन ले जाने की अनुमति का इंतजार था, जो अब मिल गई है. सीएसपीडीसीएल पहले ही बिजली के पोल और तार बिछाने का काम पूरा कर चुका है. रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद सेवा शुरू करने में आ रही प्रमुख तकनीकी बाधा दूर हो गई है.

दुर्ग-भिलाई को मिलेंगी 50 ई-बसें
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत दुर्ग-भिलाई के लिए 50 मीडियम इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत हैं. प्रदेश में रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और कोरबा को इस योजना में शामिल किया गया है. सेवा शुरू होने के बाद विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है. ई-बसों से किफायती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा.
संचालन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी
सरकार से अनुमति मिलने के बाद दुर्ग जिला अर्बन सोसायटी को संविदा सूचना जारी कर दी गई है. इसमें बसों के रूट, संचालन अवधि, चालक और परिचालक की व्यवस्था, रखरखाव, प्रतिकिलोमीटर भुगतान और टेंडर की शर्तों से जुड़ी प्रक्रिया शामिल है. नेहरू नगर के आगे ई-बस स्टैंड तैयार किया जा चुका है और चार्जिंग से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं.
कोरबा में भी तैयारी तेज
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत कोरबा के लिए 40 बसों की योजना है. दर्री के प्रतीक्षा बस स्टैंड में चार्जिंग सब-स्टेशन और टर्मिनल तैयार करने का काम चल रहा है. स्थानीय निकाय के अनुसार तैयारी करीब 80 फीसदी तक पूरी हो चुकी है. यहां ई-बसों के संचालन के लिए 20 मार्गों का रूट चार्ट भी तैयार किया गया है.
रेलवे की मंजूरी के बाद अंतिम चरण
भिलाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के मुताबिक, रेलवे ट्रैक से बिजली तार क्रॉस करने के लिए सीएसपीडीसीएल को अनुमति मिल गई है. संचालन करने वाली सोसायटी को भी संविदा सूचना जारी की जा चुकी है. अब तकनीकी और संचालन संबंधी तैयारियां पूरी होने के बाद भिलाई में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में Smart PDS की तैयारी, राशन कार्ड से जुड़े कई काम मोबाइल से होंगे आसान



