CG News: छत्तीसगढ़ में Smart PDS की तैयारी, राशन कार्ड से जुड़े कई काम मोबाइल से होंगे आसान
CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल और आसान बनाने की तैयारी चल रही है. Smart PDS के तहत केंद्र और राज्य के राशन कार्ड डेटा को एकीकृत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. इसी के लिए खाद्य विभाग के सेवा सेतु पोर्टल और मोबाइल ऐप को अपडेट किया जा रहा है. तकनीकी बदलाव के कारण फिलहाल राशन कार्ड में संशोधन और सदस्यों के नाम जोड़ने जैसी कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हैं.

फिलहाल क्यों बंद हैं कुछ सेवाएं
सिस्टम अपडेशन के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने, पता बदलने और अन्य संशोधन से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं. इसके कारण लोगों को कुछ कामों के लिए राशन दुकानों और ग्राहक सेवा केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. अधिकारियों के अनुसार सेवा सेतु पोर्टल और ऐप का तकनीकी अपडेशन अंतिम चरण में है और फिलहाल टेस्टिंग की जा रही है. टेस्टिंग पूरी होने के बाद सेवाएं दोबारा शुरू होने की उम्मीद है.
मोबाइल से घर बैठे होंगे आवेदन
नई व्यवस्था लागू होने के बाद राशन कार्ड से जुड़े कई काम स्मार्टफोन के जरिए किए जा सकेंगे. नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने के साथ परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने या हटाने और पते में बदलाव जैसी सुविधाएं ऑनलाइन मिल सकती हैं. जरूरी दस्तावेज भी मोबाइल से पोर्टल या ऐप पर अपलोड किए जा सकेंगे. इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर और कागजी प्रक्रिया कम होने की उम्मीद है.
आधार वेरिफिकेशन से बढ़ेगी पारदर्शिता
स्मार्ट PDS व्यवस्था में हितग्राहियों की जानकारी के डिजिटल सत्यापन पर भी जोर दिया जाएगा. आधार आधारित वेरिफिकेशन से राशन कार्ड की जानकारी प्रमाणित करने में मदद मिल सकती है. केंद्र और राज्य के डेटा को एक प्लेटफॉर्म पर लाने से फर्जी और डुप्लीकेट राशन कार्ड की पहचान आसान हो सकती है. साथ ही राशन वितरण की निगरानी और रिकॉर्ड अपडेट करने की प्रक्रिया भी बेहतर होने की उम्मीद है.
One Nation One Ration Card को मिलेगी मजबूती
एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से One Nation One Ration Card योजना को भी मजबूती मिलने की संभावना है. इसका फायदा उन लोगों को मिल सकता है जो रोजगार या अन्य कारणों से अपने मूल जिले या राज्य से बाहर रहते हैं. सेवा सेतु ऐप के अपडेट होने के बाद राशन कार्ड से जुड़े कई काम ऑनलाइन उपलब्ध कराने की तैयारी है. विभाग के मुताबिक तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोगों को घर बैठे राशन सेवाओं का लाभ मिलने से समय की बचत होगी और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ सकती है.




