CG News: गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 30 अगस्त तक e-KYC नहीं कराया तो बढ़ सकती है परेशानी
CG News: रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए e-KYC कराने की अंतिम तारीख 30 अगस्त तय की गई है. निर्धारित समय सीमा तक सत्यापन पूरा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में जिन उपभोक्ताओं का e-KYC अभी बाकी है, उनके पास प्रक्रिया पूरी करने के लिए सीमित समय बचा है.

14,296 उपभोक्ताओं का सत्यापन बाकी
जिले में कुल 74,672 LPG कनेक्शन दर्ज हैं, जिनमें से 14,296 उपभोक्ताओं का e-KYC अब तक लंबित है. अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ गैस एजेंसियों ने ऐसे उपभोक्ताओं से जल्द सत्यापन पूरा कराने की अपील की है. समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर रिफिल सिलेंडर की बुकिंग और सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.
संदिग्ध कनेक्शनों की होगी पहचान
e-KYC का मुख्य उद्देश्य गैस कनेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन करना और यह सुनिश्चित करना है कि कनेक्शन का इस्तेमाल वास्तविक उपभोक्ता ही कर रहा है. सत्यापन के जरिए रिकॉर्ड में दर्ज उपभोक्ताओं की जानकारी अपडेट की जा सकेगी. साथ ही निष्क्रिय या संदिग्ध कनेक्शनों की पहचान कर रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.
बाहर रहने वालों को ऑनलाइन सुविधा
बस्तर जिले के कई उपभोक्ता रोजगार और अन्य कारणों से लंबे समय से बाहर रह रहे हैं. ऐसे लोगों के लिए गैस एजेंसी तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है. हालांकि ऑनलाइन सुविधा के चलते वे घर बैठे भी e-KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अंतिम तारीख का इंतजार न करने की अपील की है.
एजेंसी या मोबाइल ऐप से कराएं सत्यापन
जानकारी के अनुसार, साई एचपी गैस एजेंसी से जुड़े 8,369 उपभोक्ताओं का e-KYC अभी लंबित है. इसके अलावा अन्य गैस एजेंसियों के भी कई उपभोक्ताओं का सत्यापन बाकी है. उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी में जाकर e-KYC करा सकते हैं, जबकि एजेंसी तक नहीं पहुंच पाने वाले उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन सत्यापन पूरा कर सकते हैं.




