CG News: छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा, 2100 मेगावाट अक्षय ऊर्जा से हो रहा बिजली उत्पादन
CG News: छत्तीसगढ़ में कोयला आधारित बिजली उत्पादन पर निर्भरता कम करने के लिए अक्षय ऊर्जा के विकल्पों को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है. सौर ऊर्जा को इसका प्रमुख विकल्प माना जा रहा है और इसी दिशा में छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी ने अलग से सोलर एनर्जी शाखा बनाई है. वर्तमान में प्रदेश में सौर ऊर्जा और अन्य अक्षय स्रोतों से करीब 2100 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन हो रहा है. इनमें घरों की छतों पर लगे सोलर प्लांट से करीब 350 मेगावाट और औद्योगिक इकाइयों के ओपन एक्सेस प्लांट से करीब 1250 मेगावाट बिजली मिल रही है.
दो साल में 1200 मेगावाट बढ़ी अक्षय ऊर्जा क्षमता
प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान अक्षय ऊर्जा से बिजली उत्पादन में करीब 1200 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है. किसानों के लिए पीएम कुसुम योजना के तहत करीब 21 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है. वहीं कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए करीब 308 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट कृषि फीडरों पर लगाने की तैयारी है. इसका उद्देश्य किसानों को दिन के समय सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराना और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करना है.
92 हजार घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल
पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में घरों की छतों पर भी तेजी से सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं. 19 अगस्त तक करीब 92 हजार घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 350 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है. वहीं करीब 90 हजार सोलर प्लांट के कनेक्शन मंजूर किए जा चुके हैं. योजना के तहत पात्र परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के साथ बिजली बिल में राहत मिलने की उम्मीद है और प्रावधानों के अनुसार हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ भी मिल सकता है.
राजनांदगांव में बैट्री स्टोरेज से रात में भी बिजली
राजनांदगांव में सौर ऊर्जा के साथ Battery Energy Storage System, BESS आधारित परियोजना भी संचालित है. इसकी क्षमता करीब 100 मेगावाट बताई गई है, जबकि वर्तमान में लगभग 40 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा है. इस व्यवस्था में दिन के समय सौर ऊर्जा से बनने वाली बिजली को बैट्री में स्टोर किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर रात में भी उसका इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा प्रदेश में करीब 195 मेगावाट हाइडल और 130 मेगावाट अन्य अक्षय ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन हो रहा है.
ग्रीन एनर्जी की हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर
अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में घरेलू रूफटॉप सोलर, औद्योगिक ओपन एक्सेस प्लांट, पीएम कुसुम योजना, हाइडल और अन्य परियोजनाओं पर एक साथ काम किया जा रहा है. सोलर एनर्जी शाखा के अनुसार प्रदेश में करीब 2100 मेगावाट बिजली अक्षय ऊर्जा स्रोतों से पैदा हो रही है. आने वाले समय में नई परियोजनाओं और कृषि फीडरों पर प्रस्तावित सोलर संयंत्रों के जरिए इस क्षमता को और बढ़ाने की तैयारी है, जिससे राज्य की बिजली व्यवस्था में ग्रीन एनर्जी की हिस्सेदारी लगातार मजबूत हो सके.
यह भी पढ़ें : CG News: संत समागम में जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, 30 सितंबर से 4 ट्रेनों का भोड़वाल माजरी स्टेशन पर ठहराव



