CG News: सक्ती में मिलावटखोरों पर शिकंजा, मिठाई से लेकर डेयरी प्रोडक्ट तक होगी जांच
CG News: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सक्ती जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ थीम के तहत सात दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है. यह अभियान 17 से 23 अगस्त 2026 तक चलेगा. इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है.

मिठाई और डेयरी उत्पादों पर खास नजर
रक्षाबंधन के दौरान मिठाई, दूध और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए विभाग की टीमें मिठाई, नमकीन, कन्फेक्शनरी, दूध और दूध से बनी मिठाइयों के सैंपल लेंगी. कारोबारियों के यहां उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण और लेबलिंग की जांच की जाएगी. अमानक या मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी.
बिना लेबल और भ्रामक नाम वाली मिठाइयां भी जांच के दायरे में
अभियान के दौरान ऐसे खाद्य उत्पादों की भी जांच होगी, जिन पर जरूरी जानकारी वाला लेबल नहीं है. खाद्य सामग्री, उसकी वास्तविक प्रकृति और पैकेजिंग के जरिए उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले उत्पादों पर विशेष नजर रखी जाएगी. विभाग यह भी जांच करेगा कि पैक्ड खाद्य पदार्थों पर नियमों के मुताबिक जरूरी जानकारी दर्ज है या नहीं.
शहर से गांव तक होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें सिर्फ बड़े बाजारों तक सीमित नहीं रहेंगी. थोक बाजारों, अस्थायी मिठाई दुकानों, ग्रामीण दुकानों, साप्ताहिक बाजारों, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जाएगा. संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर उसके सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे. जरूरत पड़ने पर सामग्री जब्त कर उसकी सप्लाई चेन की भी जानकारी जुटाई जाएगी.
मिलावट मिली तो होगी वैधानिक कार्रवाई
प्रशासन का फोकस मिलावटी, अमानक, मिथ्याछाप और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों पर रहेगा. गैर-दुग्ध उत्पादों को लेकर 31 जुलाई 2026 की राजपत्र अधिसूचना के तहत लागू नियमों की भी जांच की जाएगी. खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन करने की अपील की गई है. वहीं उपभोक्ताओं से भी मिठाई और पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल, सामग्री और जरूरी जानकारी जांचने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें : CG News: गरियाबंद का नया घाट बना वीकेंड डेस्टिनेशन, हरियाली और घुमावदार सड़कें बनीं आकर्षण का केंद्र




