CG News: जांजगीर-चांपा के चांपा में इंडोनेशिया के गरुड़ मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य गणेश पंडाल
CG News: जांजगीर-चांपा के चांपा स्थित मेला मैदान में गणेश उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं. श्री सिद्धिविनायक समिति इस बार इंडोनेशिया के प्रसिद्ध गरुड़ विष्णु मंदिर की तर्ज पर भव्य गणेश पंडाल तैयार करा रही है. पंडाल निर्माण को लेकर समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

खास डिजाइन में तैयार हो रहा पंडाल
समिति के अनुसार हर साल गणेश उत्सव में कुछ नया और आकर्षक करने का प्रयास किया जाता है. इसी क्रम में इस बार गरुड़ विष्णु मंदिर की स्थापत्य शैली को पंडाल का स्वरूप देने का फैसला लिया गया है. कारीगर विशेष डिजाइन और आकार के साथ पंडाल तैयार करने में जुटे हुए हैं और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है.
कोलकाता की टीम करेगी सजावट
पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए सजावट की जिम्मेदारी कोलकाता की टीम को दी गई है. विद्युत सज्जा के साथ विशेष सजावटी कार्य किया जाएगा. समिति का कहना है कि तैयार होने के बाद पंडाल श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है. आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है.
20 फीट की गणेश प्रतिमा होगी खास
इस बार गणेश प्रतिमा भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. करीब 20 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा तैयार की जा रही है. इसका निर्माण भटगांव के कारीगर कर रहे हैं. विशाल प्रतिमा और मंदिर की तर्ज पर बन रहा पंडाल गणेश उत्सव की भव्यता को और बढ़ाएगा.
श्रद्धालुओं के लिए तैयारियां तेज
गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए समिति द्वारा पंडाल निर्माण, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. आयोजकों को उम्मीद है कि इंडोनेशिया के प्रसिद्ध गरुड़ विष्णु मंदिर की तर्ज पर तैयार होने वाला यह पंडाल इस बार चांपा में गणेश उत्सव का प्रमुख आकर्षण बनेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 23 अगस्त तक करा सकेंगे E-KYC




