CG News: रायपुर में लॉन्च हुआ 10 किलो का कंपोजिट LPG सिलेंडर, जानिए कीमत और खासियत
CG News: मिडिल ईस्ट में तनाव और युद्ध के बीच LPG सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है, इसी बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 10 किलो का नया कंपोजिट LPG सिलेंडर लॉन्च किया गया है. फाइबर कंपोजिट सामग्री से तैयार यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है. इसकी खासियत यह है कि इसकी बॉडी पारदर्शी है, जिससे उपभोक्ता बाहर से ही गैस का स्तर देख सकते हैं.

करीब 3 हजार रुपए का सिक्योरिटी डिपॉजिट
रायपुर में 10 किलो के इस कंपोजिट सिलेंडर के लिए नया सिक्योरिटी डिपॉजिट करीब 3 हजार रुपए बताया जा रहा है. वहीं इसके रिफिल की कीमत करीब 715 से 730 रुपए के बीच बताई गई है. इंडेन और बीपीसीएल की ओर से इस तरह के हल्के और पारदर्शी सिलेंडर की शुरुआत की गई है, जिससे छोटे परिवारों और सीमित गैस जरूरत वाले उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सकती है.
अलग-अलग कंपनियों के नाम से उपलब्ध
भारत पेट्रोलियम ने 10 किलो के फाइबर सिलेंडर को भारत गैस लाइट जिप नाम से पेश किया है. वहीं इंडियन ऑयल का 10 किलो वाला सिलेंडर इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाम से उपलब्ध है. एचपीसीएल की ओर से इसे एचपी गैस ओजस नाम दिया गया है. इन सिलेंडरों में फाइबर कंपोजिट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ये हल्के और जंग से सुरक्षित रहते हैं.
कैसे मिलेगा और क्या है सुविधा
इस सिलेंडर के लिए नया कनेक्शन लेना होगा, जिसे फ्री-ट्रेड LPG कैटेगरी के तहत उपलब्ध कराया जा रहा है. सरल ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के जरिए कनेक्शन लेने की सुविधा बताई गई है. इसके अलावा बुकिंग के करीब 4 घंटे के भीतर डिलीवरी का दावा भी किया जा रहा है. पारदर्शी बॉडी होने के कारण उपभोक्ता सिलेंडर में बची गैस का स्तर आसानी से देख सकेंगे.
21 कंपनियों के लिए LPG उत्पादन का लक्ष्य
इसी बीच केंद्र सरकार ने सरकारी और निजी रिफाइनरी तथा अपस्ट्रीम कंपनियों के लिए LPG उत्पादन के लक्ष्य भी तय किए हैं. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आदेश के मुताबिक 21 कंपनियों के लिए कुल 63,810 टन प्रतिदिन LPG उत्पादन की क्षमता और लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सरकार के इस कदम का उद्देश्य घरेलू LPG की उपलब्धता को मजबूत करना और बढ़ती मांग के बीच सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है.
यह भी पढ़ें : CG News: कोंडागांव में 23 सितंबर को खुलेगा माता लिंगेश्वरी मंदिर का द्वार, दर्शन के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु



