CG News: रायपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, CM साय बोले, इतिहास से सीख लेकर देश की एकता मजबूत करें
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इतिहास सिर्फ अतीत की घटनाओं का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि वर्तमान को दिशा देने और भविष्य को सुरक्षित बनाने की सीख भी देता है, इसलिए विभाजन की विभीषिका और उससे मिले सबक को पीढ़ी दर पीढ़ी याद रखना जरूरी है, उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को हर परिस्थिति में बनाए रखने का संदेश देती है, मुख्यमंत्री 14 अगस्त को रायपुर में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे.

लाखों लोगों ने झेली विस्थापन की पीड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में हुआ विभाजन केवल भू-भाग और सीमाओं का बंटवारा नहीं था, इस त्रासदी ने लाखों लोगों को अपनी जन्मभूमि, घर और अपनों से दूर होने के लिए मजबूर कर दिया, बंगाली, सिख और सिंधी समाज सहित कई समुदायों के परिवारों ने विस्थापन की असहनीय पीड़ा झेली, उस दौर की भयावहता को अपनी आंखों से देखने वाले अधिकांश लोग आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके परिवारों और आने वाली पीढ़ियों की स्मृतियों में उस दर्द और संघर्ष की कहानी आज भी जीवित है.

विभाजन पीड़ितों के संघर्ष को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के बलिदान और विस्थापित परिवारों के संघर्ष को सम्मान देने के उद्देश्य से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल अतीत की पीड़ा को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि इतिहास से सीख लेकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है, कार्यक्रम में विभाजन का दंश झेलने वाले परिवारों के सदस्यों ने अपने अनुभव और स्मृतियां भी साझा कीं.
संगठित समाज से मजबूत होगा राष्ट्र
समारोह के मुख्य वक्ता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि समाज संगठित रहेगा तो राष्ट्र भी मजबूत और संगठित रहेगा, उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, डॉ. द्विवेदी ने विभाजन के कारण विस्थापित हुए लाखों लोगों के संघर्ष और त्याग को भी याद किया, उन्होंने कहा कि इन लोगों ने घर, संपत्ति और अपनों को खोने के बाद भी कठिन परिस्थितियों में नए सिरे से जीवन शुरू किया और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

मौन जुलूस में शामिल हुए CM साय
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संचालनालय पुरातत्व से अंबेडकर चौक तक आयोजित मौन जुलूस में भी हिस्सा लिया, इस दौरान विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लाखों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई, मौन जुलूस में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया, सभी ने विभाजन की पीड़ा को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत रखने का संकल्प दोहराया.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में CM साय और सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की मुलाकात, बोहरा समुदाय के योगदान की सराहना
