CG News: बस्तर में BSNL का बड़ा नेटवर्क विस्तार, 419 नए टॉवर और सस्ते डिजिटल प्लान की घोषणा
CG News: बस्तर के दूरस्थ इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर BSNL ने संभाग के लिए कई डिजिटल योजनाओं की जानकारी दी. सबसे बड़ा बदलाव नेटवर्क विस्तार को लेकर है, जिसके तहत 419 नए मोबाइल टॉवर लगाए जा रहे हैं. इन टॉवरों को मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों में नेटवर्क पहुंचने की उम्मीद है.

बस्तर में 660 टॉवर पहले से सक्रिय
BSNL के मुताबिक, बस्तर संभाग में फिलहाल करीब 660 मोबाइल टॉवर काम कर रहे हैं. अब नेटवर्क को और व्यापक बनाने के लिए 419 नए टॉवरों पर काम किया जा रहा है. दूरसंचार विभाग के प्रधान महाप्रबंधक शरद चंद्र तिवारी ने बताया कि नए टॉवर शुरू होने के बाद उन अंदरूनी इलाकों में भी मोबाइल सेवा बेहतर हो सकती है, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लंबे समय से कनेक्टिविटी चुनौती रही है.
1 रुपये वाला Freedom 2.0 ऑफर
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर BSNL ने ग्राहकों के लिए Freedom 2.0 ऑफर की भी जानकारी दी. इसके तहत 1 रुपये में रिचार्ज की सुविधा बताई गई है. ऑफर में रोजाना 1 GB डेटा, 100 SMS और अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग के साथ 24 दिनों की वैधता मिलने की जानकारी दी गई है. यह ऑफर मोबाइल ग्राहकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन सकता है.
200 Mbps तक इंटरनेट की सुविधा
घरेलू इंटरनेट यूजर्स के लिए BSNL ने 1111 रुपये का FTTH प्लान भी पेश किया है. इस प्लान में 200 Mbps तक की इंटरनेट स्पीड और हर महीने 500 GB डेटा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है. इसके साथ 25 से अधिक प्रीमियम OTT चैनलों की सुविधा भी बताई गई है. इससे बस्तर के परिवारों को तेज इंटरनेट के साथ डिजिटल मनोरंजन का विकल्प भी मिल सकेगा.
मोबाइल से मिलेंगी कई सेवाएं
BSNL Selfcare ऐप के जरिए ग्राहक घर बैठे कई सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें बिल भुगतान, शिकायत दर्ज करना और उसकी स्थिति देखना, DND सेवा लेना तथा नया फाइबर कनेक्शन बुक करना शामिल है. वहीं, ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में जहां मोबाइल, लैंडलाइन या FTTH नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, BSNL की सैटेलाइट फोन सेवा संचार का वैकल्पिक माध्यम बन सकती है. 419 नए टॉवर शुरू होने के बाद बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है.

