CG News: रेल यात्रियों को बड़ी राहत, अब स्टेशन से किराए पर मिलेगी बाइक, जानिए पूरा किराया
CG News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अपनी पहली बाइक रेंटल सेवा शुरू कर दी है, स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के पास शुरू की गई यह सुविधा यात्रियों को ऑटो और टैक्सी के इंतजार से राहत देगी, रेलवे का कहना है कि इसका उद्देश्य यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और किफायती स्थानीय परिवहन उपलब्ध कराना है.

100 रुपए में चार घंटे के लिए बाइक
इस सेवा के तहत यात्री सिर्फ 100 रुपए में चार घंटे के लिए बाइक किराए पर ले सकते हैं, 4 से 8 घंटे के लिए 200 रुपए, 8 से 16 घंटे के लिए 300 रुपए और 16 से 24 घंटे के लिए 400 रुपए किराया निर्धारित किया गया है, यानी यात्री अपनी जरूरत और यात्रा की अवधि के हिसाब से बाइक बुक कर सकते हैं.
24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी सुविधा
बाइक रेंटल सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी, इसका लाभ लेने के लिए यात्रियों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा, इसके बाद यात्री स्टेशन से शहर के अलग-अलग हिस्सों तक अपनी सुविधा के अनुसार आना-जाना कर सकेंगे.
पर्यटकों और छात्रों को भी फायदा
यह सुविधा खासतौर पर पर्यटकों, छात्रों, बिजनेस ट्रैवलर्स और स्थानीय यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, कम दूरी की यात्रा के लिए उन्हें ऑटो या टैक्सी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, साथ ही स्थानीय परिवहन पर होने वाला खर्च भी कम हो सकता है, यात्री बाइक लेकर शहर के प्रमुख स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगे.
रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा
बाइक रेंटल सेवा का शुभारंभ प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने किया, इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, रेलवे के मुताबिक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में यह पहली बाइक रेंटल सेवा है, बिलासपुर स्टेशन पर इसकी शुरुआत को आधुनिक और यात्री केंद्रित सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

