CG News: NH-45 पर सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर, छतौना के पास मरम्मत जारी, रास्ता खुला
CG News: गौरेला-बिलासपुर नेशनल हाईवे-45 पर फिलहाल यातायात पूरी तरह सामान्य है, छतौना के पास भारी बारिश और ज्यादा संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की सतह को नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी ने मरम्मत का काम तेज कर दिया है, अधिकारियों के मुताबिक सड़क पर वाहनों की आवाजाही में कोई रोक नहीं है.

मरम्मत का काम तेजी से जारी
छतौना गांव के पास किलोमीटर 290 पर टोल प्लाजा प्रस्तावित है, इसी हिस्से में GSB लेयर का काम पूरा हो चुका था, बारिश के बाद सड़क की सतह प्रभावित होने पर EPC ठेकेदार मेसर्स शांति इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड ने तत्काल सुधार कार्य शुरू कर दिया, विभागीय अधिकारी मौके पर निगरानी रख रहे हैं, ताकि यातायात सुचारू बना रहे.
286 करोड़ की परियोजना
NH-45 के केंवची-रतनपुर मार्ग के करीब 42.598 किलोमीटर हिस्से के दो लेन चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 286 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दी थी, इस परियोजना का कार्यादेश 15 जुलाई 2024 को जारी किया गया था, अब तक परियोजना में करीब 58 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूरी हो चुकी है.
कई निर्माण कार्य पूरे
परियोजना के तहत करीब 25.770 किलोमीटर हिस्से में DBM डामरीकरण, 98 HP कल्वर्ट, 14 RCC बॉक्स कल्वर्ट और 7 माइनर ब्रिज का काम पूरा हो चुका है, इसके अलावा करीब 4.890 किलोमीटर RCC नाली और 4.467 किलोमीटर रिटेनिंग वॉल और टो-वॉल का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है, शेष कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की है कि सड़क बंद होने या यातायात बाधित होने से जुड़ी अफवाहों पर भरोसा न करें, NH-45 पर आवागमन जारी है और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम लगातार चल रहा है, विभाग का कहना है कि बाकी काम भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.

