CG News: GeM अवॉर्ड से सम्मानित हुआ छत्तीसगढ़, सरकारी खरीदी में 130 करोड़ की बचत
CG News: छत्तीसगढ़ को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस, GeM के 10वें स्थापना दिवस समारोह में सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है. नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह सम्मान दिया गया. GeM के 10 साल पूरे होने पर आयोजित समारोह की थीम, GeM 10, A Decade of Exponential Possibilities रही.

सरकारी खरीदी में 130 करोड़ की बचत
छत्तीसगढ़ को यह पुरस्कार GeM के प्रभावी इस्तेमाल और सरकारी खरीदी में बढ़ोतरी के लिए दिया गया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में GeM की पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिए राज्य सरकार को करीब 130 करोड़ रुपये की बचत हुई. पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीदी से कुल 235 करोड़ रुपये की बचत दर्ज की गई है.
GeM से खरीदी में 113 प्रतिशत की बढ़ोतरी
छत्तीसगढ़ में GeM के जरिए सरकारी खरीदी का आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 3,935 करोड़ रुपये पहुंच गया. यह पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले 113 प्रतिशत अधिक है. विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों की खरीदी को एक डिजिटल और पारदर्शी प्लेटफॉर्म पर लाने से प्रतिस्पर्धी दर और पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है.
छोटे उद्यमियों को 1,800 करोड़ के ऑर्डर
GeM के इस्तेमाल से सूक्ष्म और लघु उद्यमों की सरकारी खरीदी में भागीदारी भी बढ़ी है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में MSEs से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर 1,800 करोड़ रुपये हो गई. महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के उद्यमियों से खरीदी में 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.
मुख्यमंत्री ने बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सम्मान को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि GeM ने प्रदेश के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सरकारी बाजार से जुड़ने का अवसर दिया है. मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार का लक्ष्य महिला उद्यमियों, सूक्ष्म और लघु उद्योगों, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के उद्यमियों तथा स्टार्टअप को इस डिजिटल व्यवस्था से अधिक से अधिक जोड़ना है, ताकि पारदर्शी सरकारी खरीदी के साथ स्थानीय उद्यमिता को भी बढ़ावा मिल सके.




