CG News: छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर बड़ी राहत, पेंशन और ग्रेच्युटी में देरी पर होगी कार्रवाई
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद होने वाली परेशानी से राहत देने के लिए कर्मचारी हित में बड़ा कदम उठाया है. महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही उनके सभी वैधानिक लाभ और जरूरी आदेश उपलब्ध कराए जाएं. इसमें पेंशन, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण और अन्य देयक शामिल हैं.

कर्मचारियों को नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सेवानिवृत्ति से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. कर्मचारियों को अपने बकाये और पेंशन संबंधी लाभ के लिए रिटायरमेंट के बाद दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पूरी प्रक्रिया पहले से पूरी करने पर जोर दिया गया है. इससे कर्मचारियों को समय पर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे सम्मान के साथ सेवानिवृत्त जीवन की शुरुआत कर सकेंगे.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े दस्तावेजों की प्रक्रिया या प्रशासनिक मंजूरी में देरी को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. समय पर कार्रवाई नहीं होने पर जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है.
चेकलिस्ट से होगी निगरानी
व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए शासन, विभागाध्यक्ष और अधीनस्थ कार्यालय स्तर पर चेकलिस्ट आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है. इसके तहत प्रत्येक कार्यालय में आने वाले समय में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार की जाएगी. संबंधित कर्मचारियों के पेंशन और अन्य लाभ से जुड़े प्रकरणों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी.
समय पर पूरा होगा रिटायरमेंट प्रकरण
नई व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने से पहले उसके सभी जरूरी दस्तावेज और भुगतान संबंधी प्रक्रिया पूरी हो जाए. इससे पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य देयकों में होने वाली देरी को कम किया जा सकेगा. सरकार की इस पहल से विभाग के कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद होने वाली प्रशासनिक भागदौड़ से राहत मिलने की उम्मीद है.




