CG News: प्राचार्य पद पर प्रमोशन पाने वाले शिक्षकों की पोस्टिंग, 17 अगस्त को काउंसलिंग
CG News: प्राचार्य पद पर पदोन्नति पाने वाले शिक्षकों की पोस्टिंग को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय, डीपीआई ने प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है. विभाग ने संबंधित अधिकारियों को काउंसलिंग और पदस्थापना से जुड़ी जरूरी जानकारी जारी की है. व्याख्याता, व्याख्याता एलबी और प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला से प्राचार्य, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टी संवर्ग के पद पर प्रमोशन पाने वाले शिक्षकों की पोस्टिंग काउंसलिंग के आधार पर होगी.
17 अगस्त को होगी काउंसलिंग
डीपीआई के अनुसार, पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसलिंग 17 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी. काउंसलिंग लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के प्रथम तल, सी खंड, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर स्थित मीटिंग हॉल में प्रस्तावित है. सरकार की अनुमति के बाद अब पदोन्नति सह पदस्थापना आदेश जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है.
विभागीय प्रक्रिया के बाद आगे बढ़ी कार्रवाई
प्राचार्य पद पर पदोन्नति की कार्रवाई विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के आधार पर की जा रही है. यह बैठक 7 मार्च 2025 को हुई थी. इसके बाद 14 लोक सेवकों से संबंधित परिभ्रमण टीप समिति के अध्यक्ष और विभागीय सदस्यों के हस्ताक्षर के बाद विभाग को प्राप्त हुई, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई है.
काउंसलिंग और रिक्त पदों की सूची जारी
पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसलिंग सूची और रिक्त पदों की सूची 10 अगस्त 2026 को विभागीय पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है. डीपीआई ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को भी इन सूचियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. काउंसलिंग के दौरान पदोन्नत प्राचार्य उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर अपनी पदस्थापना की प्रक्रिया पूरी करेंगे.
13 अगस्त तक दे सकेंगे आपत्ति
काउंसलिंग सूची या रिक्त पदों की सूची को लेकर किसी तरह की आपत्ति होने पर संबंधित व्यक्ति 13 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे तक जरूरी दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्ति लोक शिक्षण संचालनालय कार्यालय में जमा करा सकता है. आपत्तियों के परीक्षण के बाद 17 अगस्त को काउंसलिंग होगी और इसके बाद पदोन्नति सह पदस्थापना आदेश जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.




