CG News: शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता और परीक्षा की तारीख
CG News: छत्तीसगढ़ में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. भर्ती अभियान के तहत ई संवर्ग के 868 और टी संवर्ग के 786 पदों समेत कुल 1654 पद भरे जाएंगे. पात्र अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट के जरिए 2 सितंबर की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

कृषि शिक्षक के लिए TET जरूरी नहीं
भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. सामान्य शिक्षक पदों के लिए B.Ed के साथ TET पास होना जरूरी है, लेकिन कृषि शिक्षक पद के लिए TET की अनिवार्यता नहीं रखी गई है. कृषि शिक्षक के लिए B.Ed उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा. विभाग के मुताबिक कृषि शिक्षकों की नियुक्ति हायर सेकंडरी स्कूलों में की जाती है, इसलिए इस पद के लिए TET जरूरी नहीं किया गया है. अभ्यर्थी विज्ञापित पदों में से केवल एक विषय के लिए आवेदन कर सकेंगे.
किस संभाग में कितने पद
ई संवर्ग में रायपुर संभाग के 209, सरगुजा के 40, बिलासपुर के 270 और दुर्ग के 354 पद शामिल हैं. वहीं टी संवर्ग में सरगुजा के 265, बिलासपुर के 130, रायपुर के 56, दुर्ग के 50 और बस्तर के 285 पद हैं. विषयवार देखें तो ई संवर्ग में हिंदी 109, संस्कृत 150, अंग्रेजी 319, गणित 135, सामाजिक विज्ञान 150 और कृषि के 5 पद हैं. टी संवर्ग में हिंदी 141, संस्कृत 150, अंग्रेजी 185, गणित 115, सामाजिक विज्ञान 100 और कृषि के 95 पद हैं.
क्या है शैक्षणिक योग्यता
शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी के पास निर्धारित विषय में स्नातक के साथ प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में दो वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए, या 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और B.Ed की योग्यता होनी चाहिए. इसके अलावा 50 प्रतिशत अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक और चार वर्षीय B.A.Ed, B.Sc.Ed या B.Ed जैसी निर्धारित योग्यताएं भी मान्य हैं. विशेष शिक्षा में B.Ed की निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, साथ ही सामान्य शिक्षक पदों के लिए TET उत्तीर्ण होना जरूरी है.
कब तक करना होगा आवेदन
ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 2 सितंबर 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है. आवेदन में गलती सुधारने का मौका 3 सितंबर से 5 सितंबर शाम 5 बजे तक मिलेगा. संभावित कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश पत्र 19 अक्टूबर को जारी हो सकता है, जबकि लिखित भर्ती परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने की संभावना है. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती नोटिफिकेशन में दी गई पात्रता और शर्तों को ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें : CG News: महिला पार्षदों के पति और रिश्तेदारों पर सरकार ने लगाया बड़ा प्रतिबंध




