CG News: असम की बाढ़ पर CM साय की हिमंत सरमा से बातचीत, छत्तीसगढ़ सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ
CG News: असम में बाढ़ से बने गंभीर हालात को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बातचीत की. मुख्यमंत्री साय ने मुश्किल की इस घड़ी में असम के लोगों के साथ छत्तीसगढ़ की जनता की एकजुटता जताई, साथ ही राज्य सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
असम में बाढ़ से हालात अब भी गंभीर
असम में लगातार बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. इस साल बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 99 हो गई है, जबकि करीब 1 लाख 47 हजार लोग अभी भी प्रभावित बताए जा रहे हैं, कई जगह घर और सड़कें पानी में डूबी हैं, जिसके कारण लोगों को राहत शिविरों में जाना पड़ा है.
12 जिलों में बाढ़ का असर जारी
असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, गोलाघाट में एक और व्यक्ति की मौत के बाद इस साल बाढ़ से मृतकों की संख्या 99 तक पहुंच गई. फिलहाल राज्य के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, इनमें सोनितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिस्वनाथ शामिल हैं.
गोलाघाट में सबसे ज्यादा लोग प्रभावित
बाढ़ के आंकड़ों के अनुसार, गोलाघाट जिले में सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, यहां 61,735 लोगों के बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद शिवसागर में 43,492 और जोरहाट में 24,283 लोग प्रभावित हैं, हालांकि पिछले दिन की तुलना में कुल प्रभावित आबादी में कुछ कमी दर्ज की गई है.
मुश्किल वक्त में छत्तीसगढ़ की मदद
शुक्रवार को असम के 13 जिले बाढ़ की चपेट में थे और प्रभावित लोगों की संख्या 1.55 लाख से अधिक थी, अब जिलों और प्रभावित आबादी के आंकड़े में कुछ कमी आई है. इसके बावजूद कई इलाकों में स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, ऐसे समय में छत्तीसगढ़ सरकार की 5 करोड़ रुपये की सहायता असम के प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों में उपयोग की जाएगी.




