CG News: छत्तीसगढ़ में 1235 सरकारी नौकरियां, पावर कंपनियों में बंपर भर्ती
CG News: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने कुल 1235 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है. इस भर्ती में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर और स्टाफ समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

तीनों पावर कंपनियों में होगी भर्ती
कुल 1235 पदों में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के 547, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के 96, पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 415 और तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर के 177 पद शामिल हैं. भर्ती में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पद रखे गए हैं. सरकार का कहना है कि इससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ बिजली सेवाओं के लिए पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होगा.
DEO और प्लांट अटेंडेंट के सबसे ज्यादा पद
श्रेणीवार देखें तो क्लास-2 के 189, क्लास-3 के 711 और क्लास-4 के 335 पद शामिल हैं. इनमें सबसे ज्यादा 400 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर और 300 पद प्लांट अटेंडेंट के हैं. इसके अलावा 146 सहायक अभियंता और 122 कनिष्ठ अभियंता के पद निर्धारित किए गए हैं. चिकित्सा, पैरामेडिकल, फायर, विधि, वित्त और सुरक्षा विभाग में भी भर्ती होगी.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रक्रिया तेज
गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रिक्त पदों पर जल्द भर्ती के निर्देश दिए थे. इसके बाद पावर कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया तेज की गई है. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
आवेदन की तारीख अभी जारी नहीं
फिलहाल भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है, जबकि आवेदन की तारीख, परीक्षा, पात्रता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित अपडेट देखते रहें. आवेदन और भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी जल्द जारी होने की उम्मीद है.



