CG News: सुकमा की पुनर्वासित बेटियों ने रायपुर में दिखाया हुनर, CM साय हुए गदगद
CG News: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित फैशन शो में सुकमा के चिंतलनार की पुनर्वासित बेटियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. ग्रामोद्योग विभाग की पहल पर पहली बार इन बेटियों को राजधानी रायपुर के बड़े मंच पर अपनी कला और आत्मविश्वास दिखाने का अवसर मिला.
पारंपरिक परिधानों में किया रैंप वॉक
चिंतलनार की पुनर्वासित बेटियों ने मिस इंडिया ईस्ट अनुष्का सोन के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हथकरघा परिधानों में रैंप वॉक किया. पुनेम देवे, माड़वी देवे, माड़वी माल्ले, मिडियम गांगी, माड़वी नान्दनी, डोंडी रामे, माड़काम भीमे, पोड़ियाम राजे, पुनेम ज्योति और हिड़मे मारकाम ने इस फैशन शो में हिस्सा लिया.
हिंसा से विकास और भय से विश्वास की ओर कदम
यह आयोजन सिर्फ एक फैशन शो नहीं रहा, बल्कि हिंसा से विकास, भय से विश्वास और भटके हुए जीवन से सम्मानजनक भविष्य की ओर बढ़ते नए छत्तीसगढ़ की तस्वीर भी सामने आई. पुनर्वासित बेटियों ने मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई और यह संदेश दिया कि अवसर मिलने पर वे समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ सकती हैं.
CM साय और डॉ. रमन सिंह ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे. पुनर्वासित बेटियों के रैंप वॉक को देखकर दोनों ने प्रसन्नता जताई और मंच पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की. मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने बेटियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके प्रयास और आत्मविश्वास की सराहना की.
ग्रामोद्योग विभाग की पहल बनी मिसाल
ग्रामोद्योग विभाग की इस पहल को पुनर्वासित बेटियों को नई पहचान और सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. सुकमा के चिंतलनार से रायपुर के बड़े मंच तक पहुंची इन बेटियों की कहानी अब बदलाव, आत्मसम्मान और नई उम्मीद की मिसाल बनकर सामने आई है.



