CG News: मेरी बेटी मेरा अभिमान अभियान शुरू, गांवों में बनेंगे हजारों शौचालय और मुक्तिधाम
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मेरी बेटी मेरा अभिमान अभियान का शुभारंभ किया, यह विशेष अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलेगा, जिसके तहत बेटियों के सम्मान, स्वच्छता और ग्रामीण सुविधाओं को मजबूत करने पर काम किया जाएगा.

हर गांव में बनेगा मुक्तिधाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे, वहीं सरकारी स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा, इसके लिए हजारों करोड़ रुपये की राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.
6,671 बालिका शौचालय और 6,524 मुक्तिधाम का लक्ष्य
राज्य सरकार ने अभियान के तहत 6,671 बालिका शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा है, इसके साथ ही 6,524 गांवों में प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जाएंगे, इसके अलावा बंद पड़े 10,027 बोरवेल में रिचार्ज पिट बनाकर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा.
VB-G राम जी मिशन से गांवों को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, योजना के तहत इस साल करीब 6,855 करोड़ रुपये से विकास कार्यों को गति देने की तैयारी है.
ग्राम सभा की मंजूरी से होंगे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के सभी कार्य ग्राम पंचायत और ग्राम सभा के अनुमोदन के बाद स्वीकृत किए जाएंगे, जल संरक्षण, सड़क, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, आजीविका और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े 318 प्रकार के कार्यों को इसमें शामिल किया गया है.




