CG News: बिलासपुर जेल में अनोखी पहल, DG हिमांशु गुप्ता ने कैदियों की ली अंग्रेजी क्लास
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक अलग पहल देखने को मिली. जेल डीजी हिमांशु गुप्ता निरीक्षण के दौरान अधिकारी की भूमिका से आगे बढ़कर शिक्षक बने और जेल में बंद कैदियों की अंग्रेजी कक्षा ली. उन्होंने कैदियों को भाषा सीखने के आसान तरीके, व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए.

कैदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अंग्रेजी कक्षा में कैदियों ने काफी उत्साह दिखाया और डीजी से कई सवाल भी पूछे. हिमांशु गुप्ता ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास किसी भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं. उन्होंने बताया कि जेल में बिताया गया समय खुद को बेहतर बनाने और नई चीजें सीखने का अवसर हो सकता है.
कैदियों की समस्याएं सुनीं
कक्षा के बाद जेल डीजी ने कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं. उन्होंने अधिकारियों को कैदियों की परेशानियों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही जेल परिसर का निरीक्षण कर भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया.
जेल में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय जेल के लिए कई नई सुविधाओं को मंजूरी दी गई है. इसमें जेल उद्योग के लिए कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन, LED बल्ब और ट्यूबलाइट निर्माण के लिए मशीन सेटअप शामिल है. इसके अलावा जेल शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड और लाइब्रेरी में अंग्रेजी समाचार पत्र उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है.
कैदियों की सुविधा पर विशेष ध्यान
कैदियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए 20 RO वाटर प्यूरिफायर लगाने, जेल पाठशाला के लिए ऑटोमेटिक रोटी मेकर मशीन, महिला जेल के लिए इन्वर्टर और कैदियों के लिए 2000 नई थालियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. इन सुविधाओं से जेल व्यवस्था को बेहतर बनाने और कैदियों के सुधार की दिशा में मदद मिलेगी.




